Last Updated:
Chhatarpur News: छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक गरीब परिवार ‘लुटेरी दुल्हन’ की ठगी का शिकार हो गया. पीड़ित की शादी 1.5 लाख रुपये देकर बिचौलिये के माध्यम से कराई गई थी. शादी के महज दो दिन बाद ही दुल्हन महाराजपुर बाजार से जेवर लेकर फरार हो गई.
छतरपुर में लुटेरी दुल्हन कांड.
Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में शादी के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक ‘लुटेरी दुल्हन’ ने शादी के मात्र दो दिन बाद ही ससुराल वालों को चूना लगा दिया. गहने लेकर रफूचक्कर हो गई. इस धोखाधड़ी ने एक गरीब परिवार को पाई-पाई के लिए मोहताज कर दिया है.
डेढ़ लाख में तय हुआ था सौदा
पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र की दुर्गा कॉलोनी का है. यहां रहने वाले मनोज अहिरवार (मूल निवासी ग्राम सैला) की शादी के लिए उनके पड़ोस में रहने वाले विक्की सेन ने एक रिश्ता बताया था. विक्की ने बिचौलिया बनकर इस शादी को तय कराने के बदले में मनोज से 1.5 लाख रुपये लिए थे.
24 अप्रैल को हुई थी शादी
पैसे मिलने के बाद, बीते 24 अप्रैल 2026 को जटाशंकर धाम में मनोज की शादी आकांक्षा नाम की युवती से हिंदू रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुई. शादी के बाद परिवार काफी खुश था और अपनी नई बहू को लेकर पैतृक गांव सैला चला गया, जहां वैवाहिक रस्में पूरी की जा रही थीं.
साड़ी खरीदने के बहाने साजिश
ठगी की असली पटकथा 26 अप्रैल को लिखी गई. दुल्हन आकांक्षा ने नई साड़ी खरीदने की इच्छा जताई. अपनी पत्नी की खुशी के लिए पति मनोज उसे महाराजपुर बाजार ले गया. साथ में बिचौलिया विक्की सेन और उसका एक अन्य साथी आकाश प्रजापति भी गए थे.
बिचौलिया और दोस्त भी फरार
बाजार की भीड़ का फायदा उठाकर दुल्हन आकांक्षा अचानक गायब हो गई. वह अपने साथ शादी के जेवर और कीमती सामान भी ले गई. जब मनोज ने उसे तलाशना शुरू किया, तो उसे एक और बड़ा झटका लगा. दुल्हन के साथ-साथ बिचौलिया विक्की और आकाश भी मौके से नदारद थे.
जान से मारने की धमकी
परेशान मनोज ने जब बिचौलिये विक्की सेन को फोन लगाया, तो उसने पैसे लौटाने या मदद करने के बजाय गाली-गलौज शुरू कर दी. विक्की ने मनोज को जान से मारने की धमकी भी दी.
घर गिरवी रखकर जुटाए थे पैसे
मनोज के पिता अच्छेलाल अहिरवार ने रोते हुए आपबीती सुनाई. उन्होंने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी. उन्होंने अपने बेटे की खुशियों के लिए इकलौता घर तक गिरवी रख दिया था, ताकि शादी के लिए पैसे जुटा सकें. उन्हें जरा भी अंदेशा नहीं था कि जिस बहू को वे घर ला रहे हैं, वह लुटेरी निकलेगी.
पुलिस से न्याय की गुहार
अब इस पीड़ित परिवार के पास न पैसा बचा है और न ही बहू. ठगी का शिकार हुए परिवार ने सिविल लाइन थाने में आवेदन देकर न्याय की मांग की है. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और लूटे गए जेवरात व पैसे वापस दिलाने की अपील की है. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें