इंदौर में नरसिंह जयंती पर भव्य आयोजन: खंभा फाड़कर प्रकट हुए भगवान नरसिंह; शोभायात्रा और अभिषेक में उमड़े श्रद्धालु – Indore News

इंदौर में नरसिंह जयंती पर भव्य आयोजन:  खंभा फाड़कर प्रकट हुए भगवान नरसिंह; शोभायात्रा और अभिषेक में उमड़े श्रद्धालु – Indore News




नरसिंह जयंती के मौके पर इंदौर के नरसिंह मंदिर में भव्य आयोजन हुआ। यहां सुबह प्रभातफेरी निकाली गई, वहीं शाम को शोभायात्रा का आयोजन हुआ। पूरा क्षेत्र जय नरसिंह के जयकारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में भक्त यहां भगवान के दर्शन करने पहुंचे, जिन्होंने इस दृश्य को अपने मोबाइल में कैद भी किया। मंदिर में सुबह विद्वान ब्राह्मणों ने दूध-दही, शहद सहित पंचामृत आदि से अभिषेक किया। भक्तों ने आचार्य मोहित शर्मा के सान्निध्य में अभिषेक का लाभ लिया। सुबह प्रभातफेरी निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। शाम को डाकन, मारकंडा, गरुड़ जी, ब्रह्मा, विष्णु, गणेश जी आदि देवी-देवताओं की सवारी निकली। इसके बाद महाराजा हिरण्यकश्यप की सवारी निकली और फिर भगवान नरसिंह के दिव्य स्वरूप के दर्शन भक्तों को हुए। भगवान नरसिंह खंभा फाड़कर प्रकट हुए। इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। मंदिर परिसर में फूल बंगला सजाया गया, जिसमें भगवान के दिव्य दर्शन हुए। मंदिर के पुजारी पंडित छोटेलाल शर्मा ने बताया कि नरसिंह जयंती के मौके पर मंदिर परिसर में आकर्षक सजावट के साथ ही लाइटिंग भी की गई थी। दूर-दूर से भक्त यहां दर्शन करने पहुंचे। यह सिलसिला देर रात तक जारी रहेगा। भक्तों की सुविधा के लिए उचित व्यवस्था की गई है।



Source link