उज्जैन में नीलगंगा थाना पुलिस की लापरवाही सामने आई है। रविवार रात को हथियार के साथ पकड़े गए बदमाश को मेडिकल के लिए अस्पताल लाया गया था, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
.
एडिशनल एसपी गुरु प्रसाद पराशर ने बताया कि नीलगंगा पुलिस ने हरी फाटक चौराहा क्षेत्र से विशाल नाम के बदमाश को चाकू के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी धन्नालाल की चाल का निवासी है। उसे मेडिकल परीक्षण के लिए पुलिसकर्मी चरक अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में मेडिकल के दौरान पुलिस का ध्यान भटकते ही आरोपी मौका पाकर भाग निकला।
पुलिस ने तुरंत पूरे अस्पताल परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद वायरलेस पर सूचना प्रसारित कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।
बताया जा रहा है कि फरार आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसकी हिस्ट्री शीट भी तैयार कर रही थी। मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
एडिशनल एसपी पराशर ने कहा कि आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।