Last Updated:
भोपाल के टीटीनगर थाना पुलिस पर दो युवकों के साथ क्रूरता करने के गंभीर आरोप लगे हैं. शादी समारोह से लौट रहे दोनों दोस्तों को चोरी के शक में हिरासत में लेकर कथित रूप से रातभर पीटा गया, जिससे एक युवक का हाथ टूट गया
पुलिस पर बर्बरता के आरोप
राजधानी भोपाल में टीटीनगर थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं. आरोप है कि पुलिस ने चोरी के शक में दो युवकों—आयुष गोलाईत और अतुल चोटाले—को हिरासत में लेकर उनके साथ मारपीट की. बताया जा रहा है कि दोनों युवक एक शादी समारोह से हल्दी की रस्म में शामिल होकर लौट रहे थे. पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया.पीड़ितों के मुताबिक, थाने में उन्हें रातभर पीटा गया और अंजली कॉम्प्लेक्स में हुई चोरी की वारदात कबूल करने के लिए दबाव बनाया गया. मारपीट इतनी गंभीर थी कि आयुष का हाथ टूट गया. आरोप यह भी है कि पुलिसकर्मियों ने दोनों युवकों से 20 से 30 हजार रुपये का इंतजाम करने को कहा, ताकि उन्हें छोड़ा जा सके.
पीड़ितों को कथित तौर पर घटना स्थल पर भी ले जाया गया. जहां स्थानीय लोगों ने उन्हें पहचानने से इनकार कर दिया और कहा कि ये युवक चोरी की घटना में शामिल नहीं थे. इसके बावजूद पुलिस द्वारा दबाव बनाए रखने के आरोप सामने आए हैं.इस पूरे मामले ने तब तूल पकड़ा, जब पीड़ित आयुष ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया. वीडियो में उसने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि अगर उसे कुछ होता है, तो इसके लिए पुलिस जिम्मेदार होगी। इसके साथ ही उसने पुलिस कमिश्नर से शिकायत भी की है.
चोरी के शक में दो युवकों को रातभर पीटा
फिलहाल आयुष को जमानत मिल गई है, जबकि उसके दोस्त अतुल को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस का पक्ष अभी पूरी तरह सामने नहीं आया है. लेकिन इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और मानवाधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यह भी सामने आया है कि आयुष के खिलाफ पहले से पांच मामले दर्ज हैं, लेकिन उसके परिजनों का कहना है कि उसने काफी समय से अपराध का रास्ता छोड़ दिया था. सामान्य जीवन जी रहा था.अब इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके. यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो.