Last Updated:
Jabalpur Cruise Accident: जबलपुर के बरगी डैम में पर्यटकों से भरा हुआ एक क्रूज डूब गया. इसके बाद हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग तुरंत बचाव के लिए दौड़े. बाद में SDRF की टीमें भी मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में जुट गईं. दर्दनाक हादसे के बाद कई लोगों को बचाया गया है, जिसमें एक बच्ची ने हादसे की पूरी कहानी बताई है.
बच्ची ने बताया क्रूज हादसे का सच
Jabalpur Bargi Dam Cruise: मध्य प्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी पर बरगी डैम पर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब सैलानियों से भरा हुआ क्रूज असंतुलन की वजह से डूब गया. इसमें करीब 30 से 40 लोग सवार थे. पहले क्रूज पलटा, तो वहां हाहाकार मचा गया. बताया जा रहा है कि तेज हवाएं चल रही थीं, जिससे क्रूज असंतुलित होने की वजह से डूब गया. प्रशासन की कई टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं. SDRF की टीम ने अभी तक कुल 17 लोगों को बचाया है. वहीं चार की मौत हो चुकी है, जिसमें तीन महिलाएं शामिल हैं. अफरा-तफरी के माहौल के बीच बाहर निकाली गई एक बच्ची ने हादसे का दर्द बयां किया है.
बच्ची ने बताया हादसे का दर्द
बच्ची ने बाहर आकर बिल्कुल घबराई हुई आवाज में बताया कि एकदम से क्रूज पलट गया था. बाढ़ आ गई थी और शिप के अंदर पानी भर गया था. मुझे मेरे पापा मिल गए थे, तो मैंने उनका हाथ पकड़ लिया. मेरे मम्मी और भाई नहीं मिल रहे. नाना मिल गए हैं, लेकिन नानी की डेथ हो चुकी है.
अंधेरे की वजह से लोगों को ढूंढना हो रहा मुश्किल
बताया जा रहा है कि बरगी डैम में पानी काफी ज्यादा है और अंधेरा भी हो चुका है. इसी वजह से SDRF की टीमों को लापता लोगों को खोजने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बड़ी-बड़ी सर्चलाइट्स और गोताखोरों की मदद से लापता लोगों को खोजा जा रहा है. मौके पर जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय भी पहुंचे हैं और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं.
अलर्ट के बाद जारी रखा गया था क्रूज का संचालन
बताया जा रहा है कि सभी यात्रियों के पास लाइफ जैकेट थे. फिर चार लोगों के शव बरामद होना बड़े सवाल खड़े कर रहा है. इसके अलावा यह भी पता चला है कि मौसम विभाग ने पहले ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया था. फिर भी पर्यटकों को लेकर क्रूज नर्मदा नदी में गया. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि मौसम के अलर्ट के बाद भी क्रूज का संचालन जारी क्यों रखा गया था.
About the Author
गोविन्द सिंह जनवरी 2026 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर Senior Sub Editor कार्यरत हैं, जहां वह मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ स्टेट टीम का हिस्सा हैं. किस्सागोई के अंदाज में खबरें पेश कर…और पढ़ें