शर्मनाक! 243 रन बनाकर भी हार गई मुंबई इंडियंस, हार्दिक का बहाना तो सुनिए

शर्मनाक! 243 रन बनाकर भी हार गई मुंबई इंडियंस, हार्दिक का बहाना तो सुनिए


होमखेलक्रिकेट

शर्मनाक! 243 रन बनाकर भी हार गई मुंबई इंडियंस, हार्दिक का बहाना तो सुनिए

Last Updated:

Hardik Pandya Statement: सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुंबई इंडियंस को अपने घरेलू मैदान पर 243 रन बनाकर भी 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. आईपीएल 2026 में मुंबई की यह छठी हार है. मैच के बाद हार्दिक ने टीम की हार का कारण बताते हुए कई सवालों के जवाब दिए. हार्दिक ने माना कि इस सीजन टीम अब तक अपने बेहतरीन खेल दिखाने में सफल नहीं रही है.

Zoom

हैदराबाद से मिली हार पर क्या बोले हार्दिक पंड्या.

नई दिल्ली. वानखेड़े स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 6 विकेट की करारी हार के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने माना कि उनकी टीम फ्रेंचाइजी की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई है. इस हार के बाद मुंबई इंडियंस IPL 2026 की अंकतालिका में नौवें स्थान पर खिसक गई है. टीम ने अब तक खेले अपने 8 मैचों में से केवल 2 में ही जीत दर्ज की है. इस हार से मुंबई की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को भी करारा झटका लगा है. हार्दिक ने अपनी टीम की बैटिंग और फील्डिंग को लेकर भी बयान दिया. हालांकि, जब उनसे गेंदबाजी की समस्याओं पूछा गया कि तो वह यह कहकर बचते नजर आए कि इस सीजन टीम के पास ज्यादा विकल्प नहीं हैं.

मुंबई की बॉलिंग इस सीजन टीम के लिए बड़ा सिरदर्द साबित हुई है. इसकी वजह से टीम को बड़ा स्कोर बनाने के बाद भी हार का मुंह देखना पड़ा है. मैच के बाद प्रेजेंटेशन में जब पूछा गया, गेंदबाजी की दिक्कतों को कैसे दूर करेंगे? हार्दिक ने जवाब देते हुए कहा, ‘मुझे लगता है कि इस सीजन में हमारे पास बहुत ज्यादा विकल्प नहीं हैं, हमें यह देखना होगा कि हम और क्या अलग कर सकते हैं. मैं अपनी हार का ठीकरा अपने गेंदबाजों पर नहीं फोड़ूंगा. मुझे लगता है कि पूरी टीम के तौर पर हम वैसा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं, जिसके लिए मुंबई इंडियंस जानी जाती है. हमें बैठकर यह देखना होगा कि किन चीजों पर काम करने की जरूरत है.’

हार्दिक पंड्या की यह बातें मुंबई इंडियंस की मौजूदा खराब स्थिति को साफ बयां करती हैं. पांच बार की चैंपियन टीम इस सीजन में लय पकड़ने में पूरी तरह नाकाम रही है और टीम के हर विभाग (बैटिंग और बॉलिंग) में समस्या नजर आ रही है. टीम की गेंदबाजी ने नाजुक मौकों पर जमकर रन लुटाए हैं, तो वहीं बल्लेबाजों की अच्छी मेहनत पर भी पानी फिर गया है. स्टेडियम के अंदर दर्शकों के बर्ताव पर भी हार्दिक ने खुलकर बात की, क्योंकि मैच के दौरान फैंस विपक्षी टीम के खिलाड़ियों के नाम के नारे लगा रहे थे. हार्दिक ने कहा, ‘मुझे लगता है कि हमने उन्हें (फैंस को) ऐसा कोई मौका ही नहीं दिया कि वे हमारा साथ दें. वे हमेशा शानदार और वफादार रहे हैं. थोड़ा दुख होता है जब फैंस विपक्षी टीम के खिलाड़ियों के नाम के नारे लगाते हैं, लेकिन हमें उनका प्यार वापस पाने के लिए उन्हें अपने खेल से और ज्यादा एंटरटेन करना होगा.’

प्लेऑफ के लिए अब मुंबई को क्या करना होगा?
मुंबई इंडियंस के लिए प्लेऑफ की राह अब ‘करो या मरो’ जैसी हो गई है. मुंबई इंडियंस को अब हर हाल में अपने सभी 6 मैच जीतने ही होंगे. अगर मुंबई इंडियंस अपने बाकी बचे सभी 6 मैच बड़े अंतर से जीत लेती है, तो वह टॉप-4 में जगह बनाकर प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर सकती है. लगातार 6 बड़ी जीत के साथ मुंबई लीग स्टेज खत्म होने तक 16 अंकों तक पहुंच जाएगी. प्लेऑफ में जगह पक्की करने के लिए 16 अंक काफी माने जाते हैं. हालांकि, अगर मुंबई अपने बचे हुए मैचों में से एक भी मैच हार जाती है, तो वह अधिकतम 14 अंकों तक ही पहुंच पाएगी. 14 अंक प्लेऑफ में पहुंचने के लिए काफी नहीं होंगे और टीम टूर्नामेंट से बाहर हो सकती है.

अगर मुंबई 5 मैच जीतती है और 1 मैच बारिश की वजह से रद्द हो जाता है, तो उसके पास 15 अंक होंगे. लेकिन 15 अंकों के साथ भी क्वालीफाई करना बहुत मुश्किल होगा. पिछले साल दिल्ली कैपिटल्स ने 15 अंक हासिल किए थे, फिर भी वे टॉप-4 में जगह नहीं बना पाए थे. ऐसे में अब मुंबई के लिए हर मैच डू और डाई वाला है. टीम के अगले मुकाबले आरसीबी, पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स जैसे मजबूत टीमों से हैं.

About the Author

Shivam Upadhyay

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें



Source link