Ujjain News (रिपोर्ट: अजय कुमार): शहर में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आगर रोड स्थित शहीद नगर इलाके में 27 अप्रैल को आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान बारातियों और लड़की पक्ष के लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगे. हालात बेकाबू हो गए और कुर्सियां व बर्तन तक फेंके जाने लगे. महिलाएं और बुजुर्ग डरकर इधर-उधर भागते नजर आए. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग एक-दूसरे पर हमला करते साफ दिखाई दे रहे हैं. दृश्य किसी फिल्मी सीन से कम नहीं लगते. चिमनगंज थाना प्रभारी विवेक कनोड़िया ने बताया कि अब तक इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है. शिकायत मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी.