चंदेरी में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा गिरोह पकड़ा: तीन आरोपी गिरफ्तार; 1 करोड़ लेनदेन के डिजिटल सबूत मिले, मोबाइल-कार जब्त – Ashoknagar News

चंदेरी में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा गिरोह पकड़ा:  तीन आरोपी गिरफ्तार; 1 करोड़ लेनदेन के डिजिटल सबूत मिले, मोबाइल-कार जब्त – Ashoknagar News




अशोकनगर जिले की चंदेरी पुलिस ने शुक्रवार को ऑनलाइन आईपीएल सट्टा गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को करीब 1 करोड़ रुपए के लेन-देन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, उप निरीक्षक कदम सिंह मीना पुलिस बल के साथ गश्त पर थे। उन्हें चंदेरी के दिल्ली दरवाजा क्षेत्र में सूचना मिली कि बायपास रोड स्थित तिलक ढाबा के पास कुछ लोग मोबाइल के जरिए ऑनलाइन आईपीएल सट्टा चला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दो संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम जितेंद्र धाकड़ (34) निवासी मनोहरपुरा, जिला मुरैना और सौरभ सैन (26) निवासी मुंगावली बताए। इनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक महिंद्रा कार जब्त की गई। 1 करोड़ लेनदेन का सबूत मिला
जब्त किए गए मोबाइल फोन की तकनीकी जांच में ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़े लिंक, कई आईडी और करीब 1 करोड़ रुपए के लेन-देन के डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी संगठित तरीके से आईपीएल मैचों पर सट्टा चला रहे थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि सट्टा संचालन के लिए आईडी उन्हें दीपक धाकड़ निवासी केलारस, जिला मुरैना से मिलती थी। इस जानकारी पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दीपक धाकड़ को भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं, निखिल पंवार निवासी मुंगावली की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी तलाश जारी है। थाना चंदेरी में आरोपियों के खिलाफ पब्लिक गैंबलिंग एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है और उनसे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई गई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशांत यादव सहित पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



Source link