दान का झांसा, जेवर ले उड़े, ‘कुरकुरे गैंग’ का खेल खत्म, ग्वालियर में 2 गिरफ्तार

दान का झांसा, जेवर ले उड़े, ‘कुरकुरे गैंग’ का खेल खत्म, ग्वालियर में 2 गिरफ्तार


Last Updated:

ग्वालियर में दान का झांसा देकर बुजुर्ग महिला से जेवर ठगने वाली गैंग का पर्दाफाश हुआ है. आरोपियों ने महिला को गरीब दिखने का लालच देकर गहने उतरवाए और कुरकुरे के पैकेट देकर फरार हो गए. पुलिस ने CCTV के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेवर बरामद कर लिए हैं.

ख़बरें फटाफट

Zoom

ग्वालियर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

ग्वालियर. शहर में बुजुर्ग महिला को दान दिलाने का लालच देकर ठगने वाली कुरकुरे गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. मुरार क्षेत्र की 60 वर्षीय महिला को “गरीब दिखो, दान मिलेगा” कहकर बहलाया और उनसे जेवर उतरवा लिए गए; ताकि वह गरीब दिखे और उसे दान मिल जाए. आरोपियों ने चालाकी से थैले में कुरकुरे के पैकेट डाल दिए और उसमें रखे असली गहने लेकर फरार हो गए. घटना के बाद महिला जब घर पहुंची तो उसे ठगी का अहसास हुआ. महिला ने तुरंत पुलिस को शिकायत की. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान कर इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

ASP ग्वालियर अनु बेनीवाल ने बताया कि ठग ने दान और आस्था का नाम लेकर महिला को भरोसे में लिया गया था. इसी भरोसे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस का कहना है कि इस तरह के गिरोह अब नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं. खासतौर पर बुजुर्गों को टारगेट किया जा रहा है.

बाजार से लौटते समय बनी निशाना
मुरार थाना क्षेत्र के लाल टिपारा की रहने वाली महिला बाजार से घर लौट रही थीं. तभी दो युवक उनके पास पहुंचे. उन्होंने खुद को एक सेठ का आदमी बताया और कहा कि सेठ जी के यहां बेटा हुआ है, इसलिए दान बांटा जा रहा है. महिला उनकी बातों में आ गई और उनके साथ चल पड़ी.

“गहने उतारो, तभी मिलेगा दान”, कुरकुरे के पैकेट से की ठगी
आरोपियों ने रास्ते में महिला को समझाया कि ज्यादा गहने पहनने से वह अमीर लगेंगी. इसलिए सेठ उन्हें दान नहीं देगा. गरीब दिखने के लिए गहने उतारने की सलाह दी गई. महिला ने भरोसा कर अपने जेवर उतारकर थैले में रख लिए. इसी दौरान आरोपियों ने चार कुरकुरे के पैकेट लाकर थैले में रख दिए. बातचीत में उलझाकर उन्होंने असली जेवर निकाल लिए. इसके बाद थैला महिला को वापस दे दिया और कुछ देर में आने की बात कहकर फरार हो गए. घर पहुंचने पर महिला ने जब थैला खोला तो उसमें केवल कुरकुरे के पैकेट मिले. तब उन्हें ठगी का पता चला.

CCTV फुटेज से मिली सुराग, शिवपुरी से पकड़े गए आरोपी
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की जांच की. फुटेज में दोनों आरोपी महिला को घेरकर बात करते नजर आए. पुलिस ने उनकी पहचान कर तलाश शुरू की. सूचना के आधार पर पुलिस टीम शिवपुरी के सतनवाड़ा पहुंची. वहां से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया. एक आरोपी महाराष्ट्र का रहने वाला बताया गया है.

निशानदेही पर बरामद हुए जेवर
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए गहने बरामद कर लिए. गहने शहर के एक मैदान में छिपाकर रखे गए थे. बरामद सामान में मंगलसूत्र, सोने का ओम और कान के बाले शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि ठग अब सीधे चोरी नहीं करते. वे लोगों की भावनाओं और विश्वास का फायदा उठाते हैं. दान, धर्म और सहानुभूति के नाम पर लोगों को जाल में फंसाया जाता है. पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. अनजान लोगों के झांसे में न आएं. सड़क पर मिलने वाले किसी भी दान या ऑफर पर तुरंत भरोसा न करें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.

About the Author

Sumit verma

सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्‍थानों में सजग जिम्‍मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें



Source link