अनूपपुर जिले में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बदल गया है। रिमझिम बारिश, बादलों और धूप की लुका-छिपी के बीच तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से बड़ी राहत मिली है। शनिवार को भी दिन भर मौसम की आंख-मिचौली जारी रही। सुबह जिला मुख्यालय में काले बादल छाए रहे, जबकि महज 7-8 किलोमीटर दूर जमुड़ी और सकरा क्षेत्र में हल्की बारिश हुई। अमरकंटक और राजेंद्रग्राम में पूरे दिन मौसम सुहाना बना रहा। दोपहर करीब 1:30 बजे अनूपपुर मुख्यालय में तेज हवाओं के साथ कुछ देर के लिए बूंदा-बांदी दर्ज की गई। इससे पहले 30 अप्रैल और 1 मई को अमरकंटक में तेज आंधी के साथ भारी बारिश हुई थी, जिसने गर्मी के तेवर नरम कर दिए थे। जैतहरी, कोतमा और बिजुरी अंचल में भी दिन भर बादल छाए रहने से सूरज की तपिश का असर कम रहा। मौसम के इस बदलाव का सीधा असर तापमान पर पड़ा है। शुक्रवार तक अधिकतम तापमान 42-43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था, वहीं शनिवार को इसमें गिरावट आई। शनिवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवाओं में घुली नमी के कारण लोगों को उमस से भी राहत मिली है। भू-अधीक्षक प्रदीप कुमार मोगरे ने बताया कि आने वाले दो दिनों तक मौसम का यह सिलसिला जारी रहने की संभावना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में गेहूं की फसल की कटाई पूरी हो चुकी है, इसलिए बारिश से मुख्य फसल को कोई बड़ा नुकसान नहीं है। हालांकि, वर्तमान में खेतों में लगी जायद की फसल और मौसमी सब्जियों के लिए सतर्क रहने की आवश्यकता है। भू-अधीक्षक ने आगाह किया कि यदि तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि होती है, तो सब्जियों की फसलों को नुकसान हो सकता है।
Source link