दमोह रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम से शनिवार सुबह तक फटा हुआ राष्ट्रीय ध्वज लहराता रहा। अधिकारियों की नजर पड़ने के बाद शनिवार सुबह करीब 10 बजे इसे विधिवत उतारा गया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर में आए तेज आंधी-तूफान के कारण स्टेशन के बाहर फहरा रहा तिरंगा फट गया था। इसके बाद भी यह पूरी रात फटी हुई अवस्था में ही लहराता रहा। रेलवे स्टेशन के अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। रात 12 बजे और शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे भी तिरंगा इसी फटी हुई हालत में फहरता देखा गया। राष्ट्रीय ध्वज संहिता के अनुसार, फटी हुई अवस्था में राष्ट्रध्वज फहराना उसका अपमान माना जाता है। यदि तिरंगा फट जाए, तो उसे सम्मानपूर्वक उतारकर विधिवत तरीके से रखा जाना चाहिए। रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों ने भी फटे हुए तिरंगे को लहराते हुए देखा, लेकिन उनकी शिकायत अधिकारियों तक नहीं पहुंच पाई। अधिकारियों को जब इसकी जानकारी मिली, तब उन्होंने कार्रवाई की। सुबह उतारा तिरंगा जबलपुर रेलवे के सीडीएम मधुर वर्मा को जब अवगत कराया गया तो उन्होंने कहा कि यह गंभीर लापरवाही है, वह अभी अधिकारियों से बात करते हैं। वहीं स्टेशन प्रबंधक मुकेश जैन को जब मामले की सूचना दी तो उन्होंने बताया कि सुबह करीब 10 बजे तिरंगे को उतार लिया गया था।
Source link