दरवाजा खटखटाकर पूछ रहे मंत्री- हम काम ठीक कर रहे?: पटवारी पर बोले दिग्विजय- गुरु गुड़, चेला शक्कर हो गया; विधायक का आग बुझाने का ‘स्टंट’ – Madhya Pradesh News

दरवाजा खटखटाकर पूछ रहे मंत्री- हम काम ठीक कर रहे?:  पटवारी पर बोले दिग्विजय- गुरु गुड़, चेला शक्कर हो गया; विधायक का आग बुझाने का ‘स्टंट’ – Madhya Pradesh News


मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा।

.

ऊर्जा मंत्री की डोर-टू-डोर दस्तक मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इन दिनों ‘आपका सेवक – आपके द्वार’ अभियान छेड़ रखा है। वे ग्वालियर में घर-घर दस्तक देकर सरकारी सेवाओं के हाल पूछ रहे हैं। बिजली-पानी सही से मिल रहा है या नहीं, यह जान रहे हैं।

यहां तक तो ठीक है। लेकिन, रात के समय लोगों के घरों के दरवाजे ठोक-ठोककर उन्हें नींद से जगा रहे हैं और पूछ रहे हैं कि हम लोग ठीक काम कर रहे हैं न? इस दौरान लोग मंत्री को गंदगी समेत कई समस्याएं भी बता रहे हैं, जिस पर मंत्री उन्हें समस्या हल करने का भरोसा देकर आगे बढ़ रहे हैं।

अपने इस अभियान के वीडियो मंत्री खुद अपने सोशल मीडिया पर शेयर भी कर रहे हैं। ऐसे ही एक वीडियो में मंत्री एक जगह यह पूछते नजर आ रहे हैं कि ‘कौन सा मोहल्ला बोलेंगे इसको?’ मतलब, मंत्री को मालूम ही नहीं कि वे कहां घूम रहे हैं।

खरी बात यह है कि अभी चुनाव दूर हैं। ऐसे में मंत्री डोर-टू-डोर दस्तक देकर जमीनी हकीकत भी जान रहे हैं और उन्हें यह भी पता चल रहा है कि वे कितने पानी में हैं। कुछ लोग इसे पब्लिसिटी स्टंट से ज्यादा नहीं मान रहे हैं।

मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ‘आपका सेवक-आपके द्वार’ अभियान के तहत घर-घर दस्तक दे रहे।

जीतू पटवारी की तारीफ या तंज लगता है, मध्य प्रदेश कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। नेताओं में तनातनी मची हुई है। दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे अपने ही अंदाज में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को नसीहत देते नजर आ रहे हैं।

यह वीडियो भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई पार्टी के एससी विभाग की बैठक का है। इसमें राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह कह रहे हैं- ‘संगठन के स्वरूप पर ध्यान देने की आवश्यकता है। आज बहुत सारे लोगों ने मुझे बताया कि वाल्मीकि और बसोर समाज का प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अंदर कोई सदस्य नहीं है।’

फिर दिग्विजय सिंह मंच पर बैठे पीसीसी चीफ से कहते हैं- ‘जीतू भाई, आप तो अपॉइंट कर दो। केसी वेणुगोपाल से तो आप जो कहोगे, वह लिखवाकर ले आओगे। हमको आप पर भरोसा है। जितने प्रिय आप केसी वेणुगोपाल के हो, ऐसा कोई पीसीसी प्रेसिडेंट आपको देश में नहीं मिलेगा। आपका कहा कोई टालता है क्या?’

दिग्विजय सिंह आगे कहते हैं- ‘अरे, आपकी जो पकड़ है एआईसीसी में, हम लोगों की थोड़ी न है यार।’ दिग्विजय सिंह के इतना कहते ही बैठक में ठहाके और तालियां गूंजने लगीं।

इस पर जीतू पटवारी ने कहा- ‘सर, चेला तो आप ही का हूं।’ फिर दिग्विजय सिंह बोले- ‘हां, चेला हो, लेकिन गुरु रह गए गुड़ और चेला हो गया शक्कर।’ दिग्विजय की इस बात ने एक बार फिर सभी को हंसने का मौका दे दिया।

खरी बात यह है कि दिग्विजय सिंह को यूं ही राजनीति का चाणक्य नहीं कहा जाता। उनकी बातों को आप तारीफ, तंज या ताना- कुछ भी कह सकते हैं। दिग्विजय ने जिस तरह जीतू पटवारी का महिमामंडन किया, उसे लेकर लोग कह रहे हैं कि कांग्रेस में ‘ऑल इज वेल’ वाली स्थिति तो नहीं है। लोग इसे पार्टी नेताओं के बीच तनातनी के रूप में भी देख रहे हैं।

दिग्विजय सिंह ने भरी मीटिंग में जीतू पटवारी को संगठन पर ध्यान देने की नसीहत दी।

दिग्विजय सिंह ने भरी मीटिंग में जीतू पटवारी को संगठन पर ध्यान देने की नसीहत दी।

विधायक का आग बुझाने का स्टंट रीवा के मनगवां से भाजपा विधायक नरेंद्र प्रजापति को भी रील बनाने का गजब शौक है। हाल ही में उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे फायर ब्रिगेड की गाड़ी पर चढ़कर एक खेत में लगी आग बुझाते नजर आए।

दरअसल, हुआ यूं कि एक किसान के खेत में आग लग गई थी। मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची थी। एक कर्मचारी पाइप से पानी डालकर खेत की आग बुझाने में जुटा था। लेकिन मौके पर मौजूद विधायक खुद गाड़ी पर चढ़ गए। उन्होंने कर्मचारी के हाथों से पाइप लिया और फिर खुद आग बुझाने में जुट गए।

विधायक का आग बुझाते हुए वीडियो बन गया। इसके बाद उन्होंने पाइप फिर से कर्मचारी को थमा दिया और गाड़ी से नीचे उतर गए। विधायक ने यह पूरा घटनाक्रम अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लाइव भी किया।

अब लोग कह रहे हैं कि राजनीति है साहब, जो कराए सो कम। नेताओं को पब्लिसिटी के लिए ऐसे स्टंट करने पड़ते हैं।

रीवा के मनगवां से भाजपा विधायक नरेंद्र प्रजापति एक खेत में लगी आग बुझाते नजर आए।

रीवा के मनगवां से भाजपा विधायक नरेंद्र प्रजापति एक खेत में लगी आग बुझाते नजर आए।

सांसद व पूर्व विधायक का ‘दोस्ती’ डांस मंदसौर से भाजपा सांसद सुधीर गुप्ता और भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, शोले फिल्म के जय-वीरू के रूप में नजर आए। दोनों नेताओं ने शोले के मशहूर गाने ‘ये दोस्ती हम नहीं छोड़ेंगे’ पर जमकर डांस किया।

दोनों नेता एक शादी समारोह में पहुंचे थे, जहां डीजे बज रहा था। मौका भी था और माहौल भी। फिर क्या था, दोनों नेताओं ने अपना टैलेंट दिखा दिया। वीडियो सामने आते ही दोनों नेताओं की जुगलबंदी के चर्चे होने लगे हैं।

मंदसौर से भाजपा सांसद सुधीर गुप्ता और पूर्व विधायक यशपाल सिसोदिया डांस करते दिखे।

मंदसौर से भाजपा सांसद सुधीर गुप्ता और पूर्व विधायक यशपाल सिसोदिया डांस करते दिखे।

इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), रामेंद्र परिहार (ग्वालियर), अभिलाष मिश्रा (रीवा), शादाब चौधरी (मंदसौर)

ये भी पढ़ें – वजन नहीं झेल पाया मंच, नेताजी गिरे धड़ाम: विधानसभा में ‘भांग’ की एंट्री, गूंजे ठहाके

मध्य प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा- ‘55 साल तक सरकार आपकी रही, तो क्या भांग पीकर सो रहे थे? सीएम के इतना कहते ही पूरी चर्चा ‘भांग’ पर चली गई। सत्ता पक्ष और विपक्ष के साथ ही विधानसभा अध्यक्ष की ओर से जमकर व्यंग्य-बाण चले। पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा। पूरी खबर पढ़ें



Source link