पूर्व विधायक की कार ने मारी टक्कर, युवक की मौत: मीटर रीडिंग का काम करता था, बाइक से घर वापस लौट रहा था – Mandla News

पूर्व विधायक की कार ने मारी टक्कर, युवक की मौत:  मीटर रीडिंग का काम करता था, बाइक से घर वापस लौट रहा था – Mandla News




मंडला जिले के बिछिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार 31 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना नेशनल हाईवे पर ग्राम सिझोरा के पास हुई, जहाँ बाइक और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। मृतक की पहचान ग्राम चौरंगा निवासी श्रीराम साहू के रूप में हुई है, जो विद्युत विभाग में मीटर रीडिंग का काम करता था। जानकारी के अनुसार, श्रीराम साहू सिझोरा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोतीनाला की ओर से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार सवार लोग वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और 1033 एम्बुलेंस को दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस से घायल श्रीराम साहू को बिछिया अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बिछिया थाना प्रभारी रंजीत सैयाम ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार पूर्व विधायक पंडित सिंह धुर्वे की बताई जा रही है। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और कार सवारों की तलाश जारी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा मामले की आगे की जांच की जा रही है।



Source link