Last Updated:
Panna News: पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र के उड़की गांव में दहेज को लेकर एक दर्दनाक वारदात सामने आई है. मोटरसाइकिल और मोबाइल की मांग पूरी न होने पर दामाद ने अपनी ही सास की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
दामाद ने सास को पीटकर उतारा मौत के घाट (AI तस्वीर)
रिपोर्ट-गनेश प्रसाद विश्वकर्मा
Panna News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दहेज को लेकर एक दामाद ने अपनी सास पर ही लाठी से हमला कर दिया, जिसके बाद सास की अस्पताल में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि दामाद ने मोटरसाकिल और मोबाइल की मांग की थी.
पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उड़की गांव में दहेज प्रथा की एक भयावह तस्वीर सामने आई है, जहां दहेज की लालच ने एक महिला की जान ले ली. मृतिका के देवर संजय राय ने बताया कि उनकी भतीजी की शादी 23 मई 2025 में सतना जिले के गोंडा गांव निवासी संदीप विश्वास से हुई थी. शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा मोटरसाइकिल और मोबाइल की मांग को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था.
दामाद ने लाठी से किया हमला
परिजनों के अनुसार आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनकी मांग पूरी नहीं कर सके, जिससे घर में विवाद बढ़ता गया. गुरुवार को आरोपी दामाद अपनी पत्नी को मायके छोड़कर गया और धमकी देकर चला गया था. इसके अगले दिन शुक्रवार शाम वह फिर घर पहुंचा. फिर वह मोटरसाइकिल और मोबाइल की मांग को लेकर विवाद करने लगा. इसी दौरान गुस्से में आकर उसने लाठी से अपनी सास रीता राय उम्र 45 वर्ष पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.
अस्पताल में महिला ने तोड़ दम
परिजन आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान ने बताया कि आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी. इसके अलावा मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. इस संबंध में पुलिस कई लोगों से पूछताछ भी कर रही है.
About the Author
गोविन्द सिंह जनवरी 2026 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर Senior Sub Editor कार्यरत हैं, जहां वह मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ स्टेट टीम का हिस्सा हैं. किस्सागोई के अंदाज में खबरें पेश कर…और पढ़ें