नरसिंहपुर जिले के करकबेल में शनिवार को दिनदहाड़े गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। एक शराब कारोबारी का अपहरण कर उसे मौत के घाट उतारने की कोशिश की गई। बेरहमी से पिटाई के बाद हमलावर कारोबारी को अधमरी हालत में थाने के पास फेंक कर फरार हो गए। पीड़ित शराब कारोबारी प्रदीप कौरव ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 1 बजे लगभग 10 महिलाओं और 25 युवकों की भीड़ अचानक उनके ऑफिस में घुस आई। हमलावरों ने प्रदीप को धमकाते हुए कहा कि इलाके में केवल दीपक लोधी का दबदबा चलेगा और उसकी मर्जी के बिना कोई धंधा नहीं होगा। जब प्रदीप ने विरोध किया, तो आरोपियों ने बेसबॉल के डंडों से उन पर हमला कर दिया। बुरी तरह पिटाई के बाद आरोपी उन्हें बेहोशी की हालत में घसीटते हुए बाहर ले गए और जबरन बोलेरो गाड़ी में डालकर ले गए। सुनसान जगह ले जाकर फिर पीटा प्रदीप का आरोप है कि गाड़ी में मुख्य आरोपी दीपक लोधी भी मौजूद था। अपहरण के बाद उन्हें नहर के पास एक सुनसान जगह ले जाया गया, जहां दोबारा उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी उन्हें घायल अवस्था में थाना परिसर के पास छोड़कर भाग निकले। पीड़ित को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रदीप का यह भी कहना है कि हमले के दौरान उनके ऑफिस से नकदी भी गायब हुई है और यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस की कार्रवाई ठेमी थाना प्रभारी दिलीप सिसोदिया ने बताया कि घटना को लेकर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच में ग्राम बौछार के कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। पीड़ित ने इस पूरी घटना को अवैध शराब कारोबार से जुड़ा एक पूर्व नियोजित षड्यंत्र बताया है।
Source link