Last Updated:
Guna News: गुना में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां 1 मई को शादी के बंधन में बंधे रामकृष्ण की अगले दिन मौत हो गई. जिस घर में अभी शहनाइयों की गूंज बाकी थी, वहां रविवार को मातम पसर गया. जानें पूरी घटना…
दूल्हे की मौत पर विलाप करते परिजन.
Guna News: जिंदगी और मौत के बीच का फासला कभी-कभी इतना कम होता है कि इंसान को संभलने का मौका भी नहीं मिलता. गुना जिले के कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम दुनाई में खुशियों के बीच एक ऐसा ही वज्रपात हुआ. यहां जिस घर में एक दिन पहले दुल्हन आई थी, मंगल गीत गाए जा रहे थे, वहां अब सिर्फ मातम और सन्नाटा है.
दरअसल, ग्राम दुनाई निवासी रामकृष्ण कुशवाह का विवाह 1 मई को संपन्न हुआ था. बारात धूमधाम से निकली थी. नाच-गाकर जश्न मनाया गया था. घर में नई नवेली दुल्हन के कदम पड़े थे. पूरा परिवार नई सदस्य के आने की खुशियां मना रहा था. रविवार दोपहर तक घर में सब कुछ सामान्य था. रिश्तेदारों की आवाजाही अभी जारी थी. तभी दोपहर को घटना घटी.
चाय मांगी और फिर नहीं उठे
रविवार की दोपहर रामकृष्ण ने घरवालों से चाय बनाने को कहा. चाय बनने तक वह आराम करने के लिए पास ही लगे एक पेड़ की ठंडी छांव में लेट गए. लेकिन, नियति को कुछ और ही मंजूर था. अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ. दिल का दौरा पड़ने से उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. घरवाले आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल लेकर भागे.
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने रामकृष्ण की जांच की. जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. खुशियों वाला घर एक पल में गम के समंदर में डूब गया. परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को वापस घर ले जाने का फैसला किया.
मेहंदी के रंग पर भारी चिता का धुआं
जिस आंगन में रविवार को उत्सव का माहौल होना चाहिए था, वहां रामकृष्ण की अर्थी तैयार हो रही थी. दुल्हन के हाथों की मेहंदी का रंग अभी उतरा भी नहीं था कि उसका सुहाग उजड़ गया. सात फेरों की आग के साक्षी बने इस रिश्ते का अंत श्मशान की आग के साथ हुआ. रविवार शाम को ही रामकृष्ण का अंतिम संस्कार कर दिया गया. इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें