प्रशासन की कार्रवाई: 55 साल पुरानी बस्ती पर चला बुलडोजर, श्यामला हिल्स में 20 झुग्गियां जमींदोज – Bhopal News

प्रशासन की कार्रवाई:  55 साल पुरानी बस्ती पर चला बुलडोजर, श्यामला हिल्स में 20 झुग्गियां जमींदोज – Bhopal News




राजधानी के वीवीआईपी क्षेत्र श्यामला हिल्स स्थित मानस भवन के पीछे पांच दशक पुरानी झुग्गी बस्तियों को शनिवार सुबह प्रशासन ने जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम 100 से ज्यादा पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंची। यहां कुल 27 में से 20 झुग्गियों को बुलडोजर से तोड़ दिया गया, जबकि 7 पर देर रात तक कार्रवाई जारी है। रहवासियों के अनुसार ये झुग्गियां करीब 1970 से बसी थीं। प्रभावित परिवारों को मालीखेड़ी में आवास आवंटित किए जा चुके हैं। सुबह 6 बजे प्रशासन की टीम शिफ्टिंग के लिए पहुंची तो कई घरों में ताले लगे मिले। लोगों के विरोध के चलते पुलिस की मौजूदगी में मकानों के ताले तुड़वाए गए। सामान की लिस्टिंग कर रहवासियों को निगम के डंपरों से मालीखेड़ी भेजा गया। हंगामे के बीच भी कार्रवाई जारी रही। सिटी सर्कल एसडीएम दीपक पांडे ने बताया कि करीब कुल 13 हजार वर्गफीट जमीन खाली कराई जा रही है। जिसमें 1300 वर्गफीट जमीन मानस भवन की और शेष शासकीय है। कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार जमीन की कीमत 8 करोड़ रुपए से अधिक है। 388 लोकेशन पर झुग्गियां, इन पर कार्रवाई कब? भोपाल में भीम नगर, ओम नगर, पंचवटी, न्यू जेल कॉलोनी की पहाड़ी, ईदगाह हिल्स, एहसान नगर, भानपुर और कोलार के दामखेड़ा सहित 388 लोकेशन पर झुग्गियां हैं। ये 2 साल में 18 एकड़ से बढ़कर 2 हजार एकड़ से ज्यादा फैल चुकी हैं, लेकिन यहां कार्रवाई नहीं हुई है। देर रात कोर्ट का ऑर्डर: वैकल्पिक इंतजाम कर करें विस्थापन देर रात हाईकोर्ट जबलपुर ने दखल से इंकार करते हुए वैकल्पिक इंतजाम के साथ विस्थापन के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने हलफनामा देकर इंतजाम पूरा होने की जानकारी दी। आदेश के बाद ड्यूटी ऑर्डर जारी कर शिफ्टिंग शुरू की गई। दिन में ही संकेत मिल गया था, इसलिए तैयारी पहले कर ली गई थी और लोगों को सूचना दे दी गई। विरोध में लोग सड़क पर उतर आए और धरने पर बैठे। एक युवक पॉलीटेक्निक चौराहे के टॉवर पर चढ़ गया, जिसे देर रात पुलिस ने उतारा। 29 दिसम्बर 2025 को भी कार्रवाई स्टे के कारण टली थी। तब 27 परिवारों को मालीखेड़ी आवासों में शिफ्ट करने का निर्णय हुआ था। कांग्रेस बोली- बिना बताए चला बुलडोजर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने एसडीएम दीपक पांडे से कहा कि सरकार बदलेगी तो मालिकाना हक वाले मकान भी अधिग्रहित कर तोड़े जाएंगे। जवाब में पांडे ने कहा- हाईकोर्ट आदेश पर कार्रवाई हो रही है। पटवारी ने बिना सूचना बुलडोजर चलाने पर सवाल उठाए, जबकि शबिस्ता जकी ने पैसे और गहने गायब होने का आरोप लगाया। आगे क्या: श्रीराम संग्रहालय आकार लेगा
खाली जमीन पर 5 करोड़ से देश का पहला श्रीराम संग्रहालय बनेगा। तुलसी मानस भवन परिसर में इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, नक्शा केंद्र को भेजा जा चुका है। 600 वर्गफीट का फुल एसी मिनी थिएटर, संगीत स्टूडियो और कठपुतली रामलीला भी होगी। कार्याध्यक्ष रघुनंदन शर्मा ने बताया कि निर्णय समिति बैठक में लिया गया। जहां पर शिफ्टिंग वहां पर विरोध: मालीखेड़ी में झुग्गियों का सामान शिफ्ट कर सरकारी आवासों में रखा जा रहा था, तभी बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां पहुंचे और शिफ्टिंग का विरोध करने लगे। अफसरों के पहुंचने के बाद सामान आवंटित घरों में रखवाया गया।



Source link