शाजापुर जिले में रविवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में युवक और युवती के शव फांसी पर लटके मिले। इन घटनाओं से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पहली घटना मक्सी थाना क्षेत्र की है। यहां सुबह करीब 6:20 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि एक युवक का शव उसके घर के पीछे पेड़ पर लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा। मृतक की पहचान मक्सी निवासी 35 वर्षीय हरिनारायण लोधी के रूप में हुई है। उसका शव वार्ड क्रमांक 4 स्थित हाई सेकेंडरी स्कूल के पास घर के पीछे एक पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटका मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शाजापुर जिला अस्पताल भेजा है। नव विवाहित युवती फंदे पर मिला शव दूसरी घटना लालघाटी थाना क्षेत्र के काशी नगर में हुई। यहां एक किराए के मकान में नव विवाहित युवती का शव फांसी पर लटका मिला। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी घनश्याम मालवीय, एसडीओपी अजय मिश्रा, थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मुजाल्दे और तहसीलदार गौरव पोरवाल सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। युवती की पहचान मोनिका पांचाल के रूप में हुई है। वह पिछले दो वर्षों से अपने पति के साथ किराए के मकान में रह रही थी। दंपत्ति का एक 3-4 साल का बच्चा भी है। जानकारी के अनुसार 2022 उन्होंने प्रेम विवाह किया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार रात पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। हालांकि, घटना के वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस दोनों ही मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।
Source link