रीवा में 15 यात्रियों को फ्लाइट बोर्ड करने से रोका: 72 की जगह आया 48 सीटर विमान, सभी का टिकट कंफर्म था; युवती का इंटरव्यू छूटा – Rewa News

रीवा में 15 यात्रियों को फ्लाइट बोर्ड करने से रोका:  72 की जगह आया 48 सीटर विमान, सभी का टिकट कंफर्म था; युवती का इंटरव्यू छूटा – Rewa News




रीवा एयरपोर्ट पर अलायंस एयर की बड़ी लापरवाही सामने आई है। एयरलाइन ने 72 सीटों की बुकिंग के बावजूद 48 सीटों वाला छोटा विमान भेज दिया। इसके चलते कन्फर्म टिकट होने के बावजूद 15 यात्रियों को दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में जगह नहीं मिली और उन्हें एयरपोर्ट से वापस लौटा दिया गया। घटनाक्रम रविवार रात का है। अमरपाटन निवासी शिवानी जैन ने एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रबंधन पर अव्यवस्था के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिवानी को इंटरव्यू देने के लिए दिल्ली जाना था। उन्होंने बताया कि उनकी फ्लाइट का समय रात 9 बजे था और वह तय समय से करीब दो घंटे पहले ही एयरपोर्ट पहुंच गई थीं। बिना सूचना बदला विमान, सिस्टम में टिकट नहीं होने का दिया हवाला
शिवानी ने बताया, “मेरे पास कन्फर्म टिकट था, लेकिन बोर्डिंग के दौरान मुझे यह कहकर रोक दिया गया कि सिस्टम में मेरे नाम का टिकट नहीं है। करीब एक घंटे इंतजार कराने के बाद आखिर में अधिकारियों ने कहा कि सीटें कम हैं, इसलिए मैं यात्रा नहीं कर सकती।” यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइन ने विमान बदलने की कोई पूर्व सूचना भी उन्हें नहीं दी थी। यात्रा से रोकने पर भड़के परिजन, एयरपोर्ट पर हंगामा
कन्फर्म टिकट होने के बावजूद उड़ान भरने से रोके जाने पर शिवानी और उन्हें छोड़ने आए परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने एयरपोर्ट प्रबंधन और एयरलाइन अधिकारियों के सामने जमकर हंगामा किया और उन्हें खरी-खोटी सुनाई। मौके पर मौजूद अन्य यात्रियों ने भी इस अव्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताई। अधिकारियों ने मानी 15 यात्रियों को लौटाने की बात
हंगामे के बीच एयरपोर्ट और एयरलाइन से जुड़े अधिकारियों ने स्वीकार किया कि छोटा विमान आने के कारण सीटें कम पड़ गईं, जिससे करीब 15 यात्रियों को वापस लौटाना पड़ा है। फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम पर एयरलाइन या प्रबंधन की तरफ से किसी भी जिम्मेदार अधिकारी का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।



Source link