शाजापुर में नेशनल हाईवे-52 पर कमर्दीपुरा जोड़ के आगे रविवार रात करीब 11-12 बजे के बीच तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो बुजुर्गों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मामला उकावता चौकी क्षेत्र अंतर्गत का है। सड़क हादसे ने खुशियों भरे माहौल को पलभर में मातम में बदल दिया। अस्पताल पुलिस चौकी पर पदस्थ प्रधान आरक्षक पदम सिंह के अनुसार दोनों मृतक सुसनेर क्षेत्र के निवासी थे। एक बारात में शामिल होने शाजापुर आ रहे थे। मृतकों की पहचान गंगाराम (50) पिता नंदाजी निवासी श्यामपुरा सुसनेर और रतनलाल (50) पिता नाथूजी निवासी सुसनेर के रूप में हुई है। एक दिन पहले दोनों शादी की रस्मों में शामिल थे परिजनों के मुताबिक, दोनों बेहद खुश थे और सुसनेर से बारात में शामिल होने के लिए के उत्साहित थे। बताया गया कि एक दिन पहले ही रतनलाल शादी में जमकर नाचे थे और अगली रस्मों की तैयारी कर रहे थे। वही गंगाराम दूल्हे को हल्दी भी लगा रहे थे। बारात के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया, जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। बारात में शामिल परिजनों को जैसे ही घटना की सूचना मिली, खुशियों का माहौल तुरंत गम में बदल गया। ट्रक चालक वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चौकी पर खड़ा करवा लिया है और नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। दोनों बुजुर्गों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया गया है। आज सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source link