Last Updated:
Ujjain News: उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज ने लोकल 18 से कहा कि 8 मई को शुक्र नक्षत्र परिवर्तन करके मृगशिरा नक्षत्र में प्रवेश कर जाएंगे. शुक्र के मंगल के नक्षत्र में प्रवेश करने से कुछ राशियों के लिए परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हो सकती हैं.
उज्जैन. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, ग्रहों का नक्षत्र और राशि परिवर्तन हमेशा शुभ परिणाम नहीं देता, कई बार इसके नकारात्मक प्रभाव भी देखने को मिलते हैं. वर्तमान समय में शुक्र ग्रह अपनी स्वराशि वृषभ में होने के बावजूद मालव्य विपरीत राजयोग बना रहा है, जिसे पूरी तरह लाभकारी नहीं माना जा रहा. इस स्थिति के कारण कुछ राशियों के जीवन में तनाव, आर्थिक अस्थिरता और रिश्तों में मतभेद बढ़ सकते हैं. सुख-सुविधाओं में कमी, अनावश्यक खर्च और मानसिक बेचैनी जैसी समस्याएं भी सामने आ सकती हैं, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित होने की आशंका है.
उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, 8 मई को शुक्र नक्षत्र परिवर्तन करके मृगशिरा नक्षत्र में प्रवेश कर जाएंगे. शुक्र के मंगल के नक्षत्र में प्रवेश से कुछ राशियों के लिए परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हो सकती हैं. आचार्य के अनुसार, इस बदलाव से करियर में रुकावट, मान-सम्मान में गिरावट और व्यापार में नुकसान के संकेत मिल रहे हैं. भाग्य का साथ कमजोर पड़ सकता है और अच्छे अवसर हाथ से निकल सकते हैं. ऐसे में सतर्क रहना जरूरी है.
तीन राशियों को हो सकती है परेशानी
कन्या- इस राशि के जातकों के लिए शुक्र का यह परिवर्तन कुछ मुश्किलें खड़ी कर सकता है. मन अशांत रहेगा और भीतर हल्की उदासी बनी रह सकती है, जिससे दिनचर्या प्रभावित होगी. घर के माहौल में तनाव बढ़ने के संकेत हैं, इसलिए छोटी बातों को नजरअंदाज करना जरूरी होगा. कार्यस्थल पर एकाग्रता की कमी महसूस होगी और कामों में रुकावट आ सकती है. सहकर्मियों के साथ मतभेद बढ़ सकते हैं, इसलिए विवाद से दूर रहना बेहतर रहेगा. सोच-समझकर निर्णय लें, जल्दबाजी नुकसान दे सकती है.
वृश्चिक- इस राशि के जातकों के लिए यह समय परेशानी और उलझनों से भरा रह सकता है. घर-परिवार में तनाव बढ़ने के संकेत हैं, जिससे रिश्तों में खटास आ सकती है. जीवनसाथी के साथ मतभेद गहरा सकते हैं और विवाद की स्थिति बन सकती है. व्यापार करने वालों को नुकसान और आर्थिक दबाव झेलना पड़ सकता है. कामकाज में रुकावटें आएंगी, जिससे मन अशांत रहेगा. इस दौरान गुस्से और कटु वाणी से बचना जरूरी है, वरना हालात और बिगड़ सकते हैं.
मकर- इस राशि के लोगों के लिए शुक्र का यह गोचर थोड़ा सतर्क रहने का संकेत दे रहा है. इस समय आर्थिक मामलों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है और खर्च बढ़ने से बजट बिगड़ सकता है. व्यापार से जुड़े निर्णय सोच-समझकर लेना ही बेहतर रहेगा क्योंकि नुकसान की आशंका बन रही है. साथ ही छोटी सी लापरवाही भी परेशानी या दुर्घटना का कारण बन सकती है. कामकाज में रुकावटें आ सकती हैं, जिससे मन खिन्न हो सकता है. ऐसे में धैर्य रखें और अपनी वाणी पर नियंत्रण बनाए रखें.
इन उपायों से मिलेगी राहत
ज्योतिषाचार्य के अनुसार, शुक्र ग्रह को संतुलित रखने के लिए कुछ आसान उपाय बेहद कारगर माने जाते हैं. जीवन में सफेद रंग को प्राथमिकता दें और सफेद वस्त्र धारण करें. इसके साथ ही चावल और चीनी जैसी सफेद वस्तुओं का दान करना शुभ फल देता है. खासतौर पर शुक्रवार को खीर बनाकर जरूरतमंदों को खिलाने से शुक्र दोष शांत होता है और धीरे-धीरे जीवन की परेशानियां कम होने लगती हैं.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.