Best Selling 7 Seater Cars in India: देश में 7-सीटर कारों की डिमांड लगातार बढ़ रही है और अप्रैल 2026 की सेल्स रिपोर्ट ने इस ट्रेंड को फिर साबित कर दिया है. फैमिली कार सेगमेंट में ग्राहकों की पहली पसंद अब ऐसी गाड़ियां बनती जा रही हैं, जो ज्यादा स्पेस, बेहतर कम्फर्ट और दमदार परफॉर्मेंस का संतुलन देती हों. इसी वजह से MPV और SUV दोनों कैटेगरी की 7-सीटर कारों की बिक्री में जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला.
अप्रैल 2026 में सबसे ज्यादा बिकने वाली 7-सीटर कारों की सूची में मारुति सुजुकी अर्टिगा ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि महिंद्रा स्कॉर्पियो और टोयोटा इनोवा/हाइक्रॉस जैसी गाड़ियां भी मजबूत प्रदर्शन करती नजर आईं. खास बात ये रही कि टॉप-5 में महिंद्रा की तीन गाड़ियां शामिल रहीं. आइए जानते हैं अप्रैल 2026 में किन 7-सीटर कारों ने सबसे ज्यादा ग्राहक जुटाए हैं.
Maruti Suzuki Ertiga
मारुति अर्टिगा पहले नंबर पर रही. अप्रैल 2026 में इसकी कुल 19,063 यूनिट्स बिकी हैं. इस MPV ने 20.8% की सालाना ग्रोथ दर्ज की और 22.6% सेगमेंट शेयर हासिल किया. शानदार माइलेज, कम मेंटेनेंस और फैमिली-फ्रेंडली केबिन इसकी सबसे बड़ी ताकत बने हुए हैं. यही वजह है कि अर्टिगा लगातार इस सेगमेंट की बेस्ट सेलिंग कार बनी हुई है. इसकी एक्स-शोरूम कीमत मात्र ₹8.80 लाख से शुरू होती है.
मारुति अर्टिगा में 1.5 लीटर K15C स्मार्ट हाइब्रिड पेट्रोल इंजन है. ये पावरट्रेन 101.64 bhp पावर और 137 Nm टॉर्क प्रोड्यूस करता है. इसे 5-स्पीड मैनुअल या 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है. CNG विकल्प भी मिलता है. माइलेज की बात करें, तो पेट्रोल में ये 20.51 KMPL और CNG में लगभग 26.11 km/kg है. सेफ्टी के लिए इसमें 6 एयरबैग, ABS के साथ EBD, ESP और हिल होल्ड मिलते हैं. फीचर्स में टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट, रियर AC वेंट्स और क्रूज कंट्रोल शामिल है.
Mahindra Scorpio
स्कॉर्पियो दूसरे स्थान पर रही. इसकी अप्रैल 2026 में 14,719 यूनिट बिकी हैं. हालांकि सेल में सालाना स्तर पर 5.2% की गिरावट दर्ज की गई. इसके बावजूद स्कॉर्पियो ने 17.5% मार्केट शेयर अपने नाम किया. मजबूत रोड प्रेजेंस, दमदार इंजन और ऑफ-रोड क्षमता की वजह से ये SUV अब भी ग्राहकों की पसंद बनी हुई है.
Toyota Innova/Hycross
इनोवा लिस्ट में तीसरे नंबर पर है. इसने अप्रैल 2026 में 9,630 यूनिट सेल का आंकड़ा छुआ. इस मॉडल ने 25.1% की शानदार सालाना ग्रोथ हासिल की और 11.4% सेगमेंट शेयर दर्ज किया. प्रीमियम कम्फर्ट, हाइब्रिड टेक्नोलॉजी और टोयोटा की भरोसेमंद क्वालिटी इसकी पॉपुलरिटी की बड़ी वजह हैं.
Mahindra Bolero
बोलेरो लिस्ट में चौथे नंबर पर है. इसकी अप्रैल 2026 में 8,917 यूनिट बिकी हैं. इस SUV ने 6.4% की ग्रोथ के साथ 10.6% मार्केट शेयर हासिल किया. ग्रामीण और छोटे शहरों में इसकी मजबूत पकड़ अब भी कायम है. मजबूत बॉडी, आसान मेंटेनेंस और खराब रास्तों पर बेहतर प्रदर्शन इसे खास बनाते हैं.
Mahindra XUV700
पांचवें नंबर पर Mahindra XUV700 और XUV 7XO की संयुक्त बिक्री रही. अप्रैल 2026 में इसकी कुल 8,630 यूनिट बिकी हैं और 26.7 प्रतिशत की शानदार ग्रोथ देखने को मिली है. इस मॉडल ने 10.2% सेगमेंट शेयर हासिल किया. एडवांस फीचर्स, प्रीमियम इंटीरियर और दमदार सेफ्टी पैकेज की वजह से ये SUV तेजी से ग्राहकों को आकर्षित कर रही है.