शुक्र गोचर से 3 राशियों के जीवन में आएगा भूचाल, उज्जैन के आचार्य से जानें उपाय

शुक्र गोचर से 3 राशियों के जीवन में आएगा भूचाल, उज्जैन के आचार्य से जानें उपाय


Last Updated:

Ujjain News: शुक्र के गोचर का असर मीन राशि के जातकों के लिए चुनौतीपूर्ण रह सकता है. मन में बेचैनी और उदासी का भाव बनेगा, जिससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हो सकते हैं. परिवार में छोटी-छोटी बातों पर तनाव हो सकता है, इसलिए धैर्य और समझदारी से काम लें.

उज्जैन. हिंदू धर्म में ज्योतिष शास्त्र को जीवन की दिशा तय करने वाला अहम शास्त्र माना जाता है. ग्रहों की चाल समय-समय पर बदलती रहती है और इसका असर हर राशि के जातकों पर देखने को मिलता है. केवल राशि ही नहीं बल्कि नक्षत्र परिवर्तन भी जीवन में उतार-चढ़ाव लाता है. इसी क्रम में 14 मई को शुक्र ग्रह मिथुन राशि में प्रवेश करने जा रहे हैं. शुक्र को प्रेम, वैवाहिक सुख, सौंदर्य, धन और ऐश्वर्य का प्रतीक माना गया है. कुंडली में इसकी मजबूत स्थिति व्यक्ति को सुख-सुविधाओं से भरपूर जीवन देती है और रिश्तों में मिठास बनाए रखती है लेकिन जब शुक्र की स्थिति कमजोर होती है, तो जीवन में असंतुलन और तनाव बढ़ सकता है. इस बार शुक्र का मिथुन राशि में गोचर कुछ राशियों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है, जहां सावधानी और समझदारी से काम लेना बेहद जरूरी रहेगा. उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज से जानते हैं किन राशियों पर इसका नकारात्मक असर पड़ेगा और उपाय क्या होंगे.

तीन राशियों को रहना होगा सावधान
मिथुन- शुक्र का यह गोचर इस राशि के लोगों के लिए थोड़ा सावधानी भरा समय लेकर आ रहा है. आर्थिक मामलों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं और खर्च बढ़ने से बजट बिगड़ सकता है. व्यापार और निवेश से जुड़े फैसले बेहद सोच-समझकर लेने की जरूरत होगी क्योंकि नुकसान के संकेत बन रहे हैं. साथ ही जल्दबाजी और लापरवाही से बचें, वरना दुर्घटना या परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

धनु- इस राशि के जातकों को इस समय बेहद सतर्क रहने की जरूरत है. खासकर बेवजह की बहस और विवादों से दूरी बनाकर रखें क्योंकि छोटी सी बात भी बड़ा तनाव पैदा कर सकती है. कार्यस्थल पर माहौल सामान्य और सकारात्मक रहेगा लेकिन गुस्से या जल्दबाजी में लिया गया फैसला परेशानी बढ़ा सकता है. ऐसे में संयम, समझदारी और शांत स्वभाव ही आपकी सबसे बड़ी ताकत साबित होंगे.

मीन- शुक्र के इस गोचर का असर मीन राशि के जातकों के लिए थोड़ा चुनौतीपूर्ण रह सकता है. मन में बेचैनी और उदासी का भाव बना रहेगा, जिससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हो सकते हैं. परिवार में छोटी-छोटी बातों पर तनाव बढ़ने की संभावना है, इसलिए धैर्य और समझदारी से काम लेना जरूरी होगा. नौकरी और व्यापार में भी रुकावटें सामने आ सकती हैं.

इन उपायों से दूर होंगे कष्ट
ज्योतिषाचार्य के अनुसार, इस समय शुक्र ग्रह को शांत रखने के लिए कुछ खास उपाय करना बहुत लाभकारी माना जाता है. इस दौरान सफेद रंग को जीवन में अधिक शामिल करें. सफेद कपड़े पहनें और चावल, चीनी जैसी सफेद वस्तुएं जरूरतमंदों को दान करें. खासकर शुक्रवार को श्रद्धा से खीर बनाकर गरीब व्यक्ति को खिलाना बेहद शुभ माना गया है. मान्यता है कि इन उपायों से शुक्र दोष कम होता है और जीवन की परेशानियां धीरे-धीरे दूर होने लगती हैं.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link