बालाघाट में जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का हु्आ शुभारंभ: सांसद भारती पारधी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, रीवा-पुणे सुपरफास्ट ट्रेन भी शुरू – Balaghat (Madhya Pradesh) News

बालाघाट में जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का हु्आ शुभारंभ:  सांसद भारती पारधी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, रीवा-पुणे सुपरफास्ट ट्रेन भी शुरू – Balaghat (Madhya Pradesh) News


जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का शुभारंभ बालाघाट स्टेशन पर हुआ।

बालाघाट में रविवार को जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का शुभारंभ हुआ। सांसद भारती पारधी ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। दरअसल, रेल मंत्रालय ने 3 अगस्त से जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी और रीवा-पुणे सुपरफास्ट एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया है।

.

बालाघाट स्टेशन पर जबलपुर से रायपुर ट्रेन के आगमन पर सांसद और भाजपा नेताओं ने ट्रेन का स्वागत किया। वेब प्रसारण के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद भारती पारधी को इस ट्रेन के लिए बधाई दी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रेन चलाने का किया था ऐलान

29 मई को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हर दिन चलने वाली जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस और साप्ताहिक रीवा-पुणे सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन की घोषणा की थी। रक्षाबंधन से पहले 3 अगस्त को इन ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया। दोनों ट्रेनें बालाघाट होकर गुजरेंगी।

सांसद बोलीं-हर प्राथमिकता को हम पूरा करेंगे

इन ट्रेनों के शुरू होने से बालाघाट जिले के छात्र-छात्राओं, व्यवसायियों और आम नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। सांसद पारधी ने कहा कि वे हर प्राथमिकता को पूरा करेंगी।

उन्होंने बताया कि गोंदिया-जबलपुर रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण का काम भी जल्द शुरू कराया जाएगा। केंद्रीय रेल मंत्री ने इसके लिए आश्वासन दिया है। आने वाले समय में बालाघाट को और भी लंबी दूरी की ट्रेनें मिलेंगी।

सांसद ने रेल मंत्री और पीएम का आभार जताया है।

बालाघाट होते हुए भोपाल और इंदौर तक भी ट्रेन शुरू करवाने की कोशिश

सांसद पारधी ने बताया कि जिले के अधिकांश छात्र-छात्राएं भोपाल और इंदौर जाते हैं। हमारी कोशिश है कि बालाघाट होते हुए भोपाल और इंदौर तक भी ट्रेन शुरू करवाई जा सके।

इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य मौसम हरिनखेड़े, पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन, भाजपा अध्यक्ष राम किशोर कावरे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और यात्री मौजूद थे।



Source link