मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को दिन भर तेज धूप का दौर देखने को मिला. इस दौरान धूल और मिट्टी का गुबार शहर की प्रमुख सड़कों पर देखा जा रहा है. ऐसा ही हाल प्रदेश के इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर जैसे महानगरों का भी है, जहां बारिश के बाद सड़क उखड़ने से धूल और मिट्टी लोगों को परेशान कर रही है. वहीं इससे पहले उत्तर प्रदेश में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से सतना के चित्रकूट स्थित मंदाकिनी नदी तूफान पर आ गई.
मौसम वैज्ञानिक दिव्या सुरेंद्र के अनुसार, वर्तमान समय में एक ट्रफ लाइन उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश से होकर बिहार की ओर बढ़ रही है. साथ ही दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन सौराष्ट्र और राजस्थान के ऊपर बने हुए हैं. अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के ग्वालियर, चंबल और रीवा संभाग के जिलों में तेज बारिश की संभावना बनी हुई है. वहीं अन्य जिलों में हल्की बारिश का दौर देखा जा सकता है.
कुछ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
जाने अधिकतम/न्यूनतम तापमान
प्रदेश के अधिकतम तापमान वाले जिलों की बात करें तो मंडला में 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इसके अलावा जबलपुर में 32.8 डिग्री, श्योपुर में 32.4 डिग्री, सिवनी में 32.2 डिग्री और रतलाम में 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान की बात करें तो पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में पारा सबसे कम 18 डिग्री दर्ज किया गया. खरगोन में 20.2 डिग्री, नरसिंहपुर में 20.4 डिग्री, अमरकंटक (अनूपपुर) में 20.7 डिग्री और राजगढ़ में 21 डिग्री रिकॉर्ड हुआ.
कैसा रहा बड़े शहरों का पारा
प्रदेश के पांच बड़े शहरों के अधिकतम तापमान की बात करें तो जबलपुर का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया गया. यहां पारा 32.8 डिग्री दर्ज हुआ. इसके अलावा उज्जैन का अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री, ग्वालियर का 31.2 डिग्री, भोपाल का 31 डिग्री और इंदौर का 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.