सतना जिले के नागौद ब्लॉक के ग्राम सेमरी में शहीद मनमोहन सिंह परिहार के स्मारक से 4 अगस्त की रात कुछ असामाजिक तत्वों ने प्रतीकात्मक बंदूक काटकर चुरा ली। शहीद की स्मृति में बनाए गए इस स्मारक को पहले भी नुकसान पहुंचाया जा चुका है।
.
मनमोहन सिंह परिहार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में पदस्थ थे। बल संख्या 830735961 के साथ वे देश सेवा में थे और 11 मार्च 2014 को छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सली हमले में शहीद हो गए थे। उनकी याद में उनके पैतृक गांव सेमरी में यह स्मारक बनाया गया था।
पहले भी हो चुकी है तोड़फोड़, पत्नी ने खुद कराया था सुधार शहीद की पत्नी श्यामा सिंह परिहार ने बताया कि इससे पहले भी स्मारक में लगी बंदूक को क्षतिग्रस्त किया गया था, जिसे उन्होंने खुद दोबारा स्थापित कराया था। लेकिन इस बार स्मारक पर पहुंचने पर जब उन्होंने बंदूक गायब देखी तो वे बेहद व्यथित हो गईं।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग श्यामा सिंह ने इस कृत्य को देश के लिए जान न्योछावर करने वाले सपूत के सम्मान का अपमान बताया है। उन्होंने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के पुलिस महानिरीक्षक, नई दिल्ली को आवेदन भेजकर दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
स्मारकों की सुरक्षा और दोषियों को सजा की अपील श्यामा सिंह ने आग्रह किया कि ऐसे राष्ट्रविरोधी कृत्य करने वालों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी हरकत करने का साहस न करे। उन्होंने प्रशासन और समाज से अपील की कि वे शहीद स्मारकों की सुरक्षा और सम्मान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।