उमरिया में 8 दिन से तहसील कार्यालय ठप
उमरिया जिले में तहसीलदार और नायब तहसीलदारों की हड़ताल से प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के बैनर तले चल रही इस हड़ताल में जिले के कुल 18 तहसीलदार और नायब तहसीलदार शामिल हैं।
.
हड़ताल के कारण जिले की 8 तहसीलों में काम ठप है। इनमें बांधवगढ़, बरबसपुर, ताला, नौरोजाबाद, मानपुर, पाली, करकेली और इंदवार शामिल हैं। हड़ताली अधिकारी कलेक्ट्रेट में बैठे हुए हैं और आपदा संबंधी कार्यों को छोड़कर अन्य काम नहीं कर रहे हैं।
कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के जिलाध्यक्ष दिलीप सोनी के अनुसार, राजस्व वसूली, नामांतरण, बंटवारा और फार्मल रजिस्ट्री का काम पूरी तरह बंद है। साथ ही पीएम किसान सम्मान निधि का सत्यापन, सीएम हेल्पलाइन, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र और आय-जाति प्रमाणपत्र जैसे आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
तहसीलदार और नायब तहसीलदार अपने संवर्ग का न्यायिक और गैर-न्यायिक कार्यों में विभाजन के विरोध में यह हड़ताल कर रहे हैं। इस कारण तहसील कोर्ट भी सूनी पड़ी हुई हैं।