GOAT Tour of India: लियोनल मेसी का भारत दौरा…पीएम मोदी-विराट कोहली से हो सकती है मुलाकात, कोलकाता में होंगे ये इवेंट

GOAT Tour of India: लियोनल मेसी का भारत दौरा…पीएम मोदी-विराट कोहली से हो सकती है मुलाकात, कोलकाता में होंगे ये इवेंट


Lionel Messi India Tour: दुनिया के महानतम फुटबॉल खिलाड़ियों में एक लियोनल मेसी भारत दौरे पर आने वाले हैं. वह दिसंबर में कोलकाता से अपने चार शहरों की यात्रा शुरू करेंगे. वह इस दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिग्गज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, सुपरस्टार विराट कोहली और हिटमैन रोहित शर्मा से मुलाकात कर सकते हैं. उनके इस दौरे का नाम ‘GOAT टूर ऑफ इंडिया 2025’ रखा गया है.

2011 के बाद भारत दौरे पर मेसी

2011 के बाद अर्जेंटीना के कप्तान मेसी की यह भारत की पहली यात्रा होगी. वह पिछली बार अपनी राष्ट्रीय टीम के साथ साल्ट लेक स्टेडियम में वेनेजुएला के खिलाफ एक दोस्ताना मैच खेलने आए थे. इवेंट के प्रमोटर शताद्रु दत्ता ने शुक्रवार को घोषणा की कि अर्जेंटीना के यह दिग्गज 12 दिसंबर को कोलकाता से अपने तीन शहरों के दौरे की शुरुआत करेंगे. फुटबॉल के दीवाना शहर कोलकाता मेसी की ‘GOAT टूर ऑफ इंडिया 2025’ यात्रा का पहला पड़ाव होगा. इसके बाद वह अहमदाबाद, मुंबई और नई दिल्ली जाएंगे. यह दौरा 15 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर उनसे मुलाकात के साथ समाप्त होगा.

सामने आई बड़ी जानकारी

शताद्रु दत्ता ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, “मुझे प्राधिकरण मिल गया है और उसके बाद मैंने इसे आधिकारिक कर दिया है. मेसी 28 अगस्त से 1 सितंबर के बीच किसी भी दिन सभी विवरणों और अपने दौरे के एक छोटे से परिचय के साथ आधिकारिक पोस्टर पोस्ट करेंगे. मेसी 12 दिसंबर की रात को कोलकाता पहुंचेंगे और इस दौरे के सबसे लंबे पड़ाव कोलकाता में दो दिन और एक रात बिताएंगे.”

ये भी पढ़ें: भारत में खेलने वाले हैं क्रिस्टियानो रोनाल्डो? फुटबॉल फैंस का सपना होगा पूरा, 15 अगस्त को हो गया कुछ ऐसा

मेसी के भारत दौरे का संभावित शेड्यूल

13 दिसंबर: उनके शेड्यूल की शुरुआत एक ‘मीट-एंड-ग्रीट’ से होगी, जिसमें एक विशेष फूड और चाय फेस्टिवल भी शामिल होगा. दत्ता ने बताया, ”मेसी को मेट (अर्जेंटीना की हर्बल चाय) बहुत पसंद है, इसलिए मैं अर्जेंटीना और भारतीय असम चाय का फ्यूजन बना रहा हूं.” इस फूड फेस्टिवल में बंगाली मिठाइयां और हिल्सा मछली भी परोसी जाएगी.

मूर्ति का अनावरण और कॉन्सर्ट: इस दिन का मुख्य आकर्षण मेसी की मूर्ति का अनावरण होगा, जिसके बाद ईडन गार्डन्स या साल्ट लेक स्टेडियम में ‘GOAT कॉन्सर्ट’ और ‘GOAT कप’ आयोजित होगा.

GOAT कप: यह एक सेवेन-ए-साइड सॉफ्ट-टच फुटबॉल मैच होगा, जिसमें मेसी के साथ सौरव गांगुली, लिएंडर पेस, जॉन अब्राहम और बाईचुंग भूटिया भी शामिल हो सकते हैं. आयोजकों को उम्मीद है कि टिकट 3,500 रुपये से शुरू होंगे और स्टेडियम पूरी तरह से भर जाएगा.

ये भी पढ़ें: ​वर्ल्ड कप ट्रॉफी से ओलंपिक गोल्ड तक, आजादी के बाद लंदन से बारबाडोस तक लहराया तिरंगा, ये रहे टॉप मोमेंट्स

अहमदाबाद (13 दिसंबर): शाम को मेसी अहमदाबाद के लिए रवाना होंगे, जहां वह अदानी फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक निजी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे.

मुंबई (14 दिसंबर): मुंबई में वह सीसीआई ब्रेबॉर्न में एक ‘मीट-एंड-ग्रीट’ में शामिल होंगे, जिसके बाद वानखेड़े स्टेडियम में ‘GOAT कॉन्सर्ट’ और ‘GOAT कप’ होगा. इसके अलावा, मुंबई में एक ‘पैडल GOAT कप’ भी होगा, जिसमें मेसी सेलेब्रिटीज के साथ पैडल खेलेंगे. सूत्रों के अनुसार, शाहरुख खान और लिएंडर पेस इसमें भाग ले सकते हैं.

‘GOAT कैप्टन’ पल: महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन सचिन तेंदुलकर, एमएस धोनी और रोहित शर्मा के साथ मेसी को एक साथ लाने की योजना बना रहा है. इस कार्यक्रम में रणवीर सिंह, आमिर खान और टाइगर श्रॉफ जैसे बॉलीवुड सितारे भी मौजूद रहेंगे.

दिल्ली (15 दिसंबर): दिल्ली में मेसी पीएम मोदी से उनके आवास पर मिलेंगे, जिसके बाद फिरोज शाह कोटला में ‘GOAT कॉन्सर्ट’ और ‘GOAT कप’ होगा. डीडीसीए ने विराट कोहली और शुभमन गिल को भी आमंत्रित किया है. इस कार्यक्रम से एक दिन पहले भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीसरा टी20 मैच खेला जाएगा.



Source link