समाज की पंचायत में महिला ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
गुना जिले के मधुसूदनगढ़ इलाके में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां पति की संदिग्ध मौत के सात दिन बाद उसकी पत्नी ने समाज की पंचायत में यह स्वीकार कर लिया कि उसी ने अपने पति की हत्या की है। यह मामला बंजारी बर्री गांव का है और अब पुलिस ने मामले
.
गले पर निशान देख कर हुआ शक
बंजारी बर्री निवासी कैलाश बंजारा (41) की मौत 21 अगस्त को संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई थी। परिजन उसे लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने पोस्टमॉर्टम कराने की सलाह दी, लेकिन कैलाश की पत्नी सम्पो बाई ने इससे इनकार कर दिया।
इसके बाद शव को गांव लाकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान कुछ लोगों ने मृतक के गले पर रस्सी जैसे निशान देखे, जिससे संदेह गहराया, लेकिन तब भी अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद से समाज के कुछ लोगों ने मामले की तह तक जाने की कोशिश शुरू की और पुलिस को भी आवेदन दिया।
समाज की पंचायत में महिला की पेशी हुई।
पंचायत में पत्नी ने कबूला जुर्म
मामला उलझता देख समाज ने बुधवार को इस पर निर्णय लेने के लिए गांव के पास ही एक पंचायत बुलाई। इसमें मृतक कैलाश के परिजनों के साथ उसकी पत्नी सम्पो बाई को भी बुलाया गया। पंचायत में पूछताछ के दौरान सम्पो बाई ने सभी को चौंकाते हुए स्वीकार किया कि उसी ने अपने पति की हत्या की है। उसके इस कबूलनामे से पंचायत में मौजूद सभी लोग अचंभित रह गए। इस खुलासे के बाद मामला और गंभीर हो गया।
एक अन्य व्यक्ति की भूमिका का भी शक
पंचायत में कैलाश के परिजनों ने एक अन्य व्यक्ति पर भी आरोप लगाए। सम्पो बाई ने बताया कि उसने उसी व्यक्ति से हत्या में उपयोग की गई जहर की गोली मंगवाई थी।परिजनों ने सम्पो बाई के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली, जिसमें यह सामने आया कि उसकी उस व्यक्ति से सैकड़ों बार बातचीत हुई थी। कॉल का समय भी घटना से मेल खा रहा है।

गांव के पास ही समाज की पंचायत बुलाई गई।
परिजन पहुंचे थाने, पुलिस जांच में जुटी
पंचायत में हत्या का खुलासा होने के बाद कैलाश के परिजन सम्पो बाई को लेकर बुधवार शाम को मधुसूदनगढ़ थाने पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील है और इसमें सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जाएगी।
थाना प्रभारी संदीप यादव ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है।
टीआई यादव ने बताया-
घटना के कई दिन बाद यह आवेदन आया है और मृतक का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया है। आवेदन के आधार पर सभी संबंधितों के बयान लिए जा रहे हैं। साथ ही अभियोजन कार्यालय से कानूनी सलाह ली जा रही है कि इस स्थिति में आगे क्या कार्रवाई की जा सकती है।
