एशिया कप 2025 टूर्नामेंट की शुरुआत 9 सितंबर से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की धरती पर होगी. एशिया कप 2025 में भारत अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ मुकाबले से करेगा. भारत 14 सितंबर को दुबई में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगा. भारत 19 सितंबर को ओमान के खिलाफ तीसरा ग्रुप मैच खेलेगा. इसके बाद सुपर फोर चरण शुरू होगा. एशिया कप 2025 टूर्नामेंट के लिए सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली 15 सदस्यीय भारतीय टीम 4 सितंबर को दुबई में एकत्रित होगी. इस बार भारतीय टीम के खिलाड़ी मुंबई में एकत्रित होने के बजाय अपने-अपने स्थानों से सीधे दुबई पहुंचेंगे.
भारत 9वीं बार जीत सकता है एशिया कप की ट्रॉफी
भारत और श्रीलंका में अगले साल टी20 वर्ल्ड कप 2026 खेला जाएगा, उसे देखते हुए 9 सितंबर 2025 से शुरू हो रहा एशिया कप टूर्नामेंट भी टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा. भारत एशिया कप 2025 की ट्रॉफी को जीतने का प्रबल दावेदार है. भारत 8 बार एशिया कप का खिताब जीत चुका है और अब उसकी नजरें 9वीं बार चैंपियन बनने पर है. एशिया कप 2025 में भारतीय क्रिकेट टीम ने 3 काम कर लिए तो फिर उसे ट्रॉफी जीतने से कोई नहीं रोक सकता है. आइए एक नजर डालते हैं-
1. हार्दिक पांड्या से नई गेंद की शुरुआत
हार्दिक पांड्या एक ऑलराउंडर के तौर पर एशिया कप 2025 में भारत के लिए बड़ा रोल निभाएंगे. एशिया कप 2025 के दौरान हर मैच में हार्दिक पांड्या को तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के साथ नई गेंद सौंपकर गेंदबाजी अटैक पर लगाना एक बेहतरीन फैसला साबित हो सकता है. हार्दिक पांड्या बल्ले के साथ विस्फोटक प्रदर्शन करते हैं. वह गेंदबाजों के खिलाफ मैदान के हर कोने में रन बनाने की क्षमता रखते हैं. हार्दिक पांड्या हर मुश्किल हालात में भारत के लिए विकेट निकालने में भी माहिर हैं. हार्दिक पांड्या ने अभी तक भारत के लिए 114 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 27.88 की औसत से 1812 रन बनाए हैं, जिसमें 5 अर्धशतक शामिल हैं. हार्दिक पांड्या ने इसके अलावा गेंद से कमाल करते हुए 94 विकेट झटके हैं. हार्दिक पांड्या टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में विकटों का ‘अनोखा शतक’ लगाने से सिर्फ 6 विकेट ही दूर हैं.
2. सूर्यकुमार यादव करें नंबर-3 पर बैटिंग
सूर्यकुमार यादव दुनिया के सबसे खतरनाक टी20 बल्लेबाजों में से एक हैं. भारत को अगर एशिया कप 2025 की ट्रॉफी जीतनी है, तो इस टूर्नामेंट के दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव को नंबर-3 बैटिंग पोजीशन पर उतरना होगा. सूर्यकुमार यादव ने कई नाजुक मौकों पर नंबर-3 पर बैटिंग करते हुए भारत को T20I मैचों में करीबी जीत दिलाई है. T20I में नंबर-3 पोजीशन पर बैटिंग करना सूर्यकुमार यादव को बहुत रास आती है. सूर्यकुमार यादव 200 की स्ट्राइक रेट से रन कूटने वाले विस्फोटक बल्लेबाज हैं. सूर्यकुमार यादव ने टीम इंडिया के लिए 83 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 2598 रन कूटे हैं, जिसमें 237 चौके और 146 छक्के शामिल रहे हैं. सूर्यकुमार यादव ने टी20 इंटरनेशनल में 4 शतक और 21 अर्धशतक जड़े हैं.
3. कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में देना होगा मौका
भारत को अगर एशिया कप 2025 की ट्रॉफी जीतनी है, जो उसे कुलदीप यादव जैसे मैच विनर स्पिनर को इस टूर्नामेंट के हर मैच के लिए प्लेइंग इलेवन में मौका देना होगा. कुलदीप यादव के घातक स्पिन वैरिएशन्स बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली है. कुलदीप यादव का टी20 फॉर्मेट में धांसू रिकॉर्ड है. कुलदीप यादव ने भारत के लिए 40 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 14.07 की शानदार गेंदबाजी औसत से 69 विकेट झटके हैं, जिसमें उनका बेस्ट बॉलिंग प्रदर्शन 17 रन देकर 5 विकेट रहा है. टी20 इंटरनेशनल मैचों में कुलदीप यादव 2 बार 5 विकेट हॉल ले चुके हैं. कुलदीप यादव पावर-प्ले और बीच के ओवरों में बेहद खतरनाक साबित होते हैं. कुलदीप यादव ने भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2024 और ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब जिताने में बड़ा रोल निभाया था. कुलदीप यादव ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में 10 विकेट और ICC चैंपियंस ट्रॉफी में 7 विकेट झटके थे.