अनूपपुर जिले के अमरकंटक वन परिक्षेत्र के फर्रीसेमर जंगल में एक तेंदुए का कटा हुआ शव मिला है। वन विभाग के बीट गार्ड हरीलाल प्रजापति को नियमित गश्त के दौरान शव दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया।
.
मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। तेंदुए के शव से चारों पंजे और सिर गायब पाए गए। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से आए वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम पोस्टमॉर्टम कर रही है। विशेषज्ञों के अनुसार शव एक से दो दिन पुराना है।
वन विभाग ने अभी तक तेंदुए की मौत के कारणों का खुलासा नहीं किया है। विभाग का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा।
हाल के दिनों में अमरकंटक क्षेत्र में वन्यजीवों की उपस्थिति बढ़ी है। तेंदुए का कटा हुआ शव मिलने से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। वन विभाग और बांधवगढ़ की टीम घटना की गहन जांच कर रही है।