भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के दौरान चोटिल हुए स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चौके-छक्के उड़ाने को बेताब हैं. सीरीज के चौथे टेस्ट मैच में पंत के पैर की उंगली में फ्रैक्चर हो गया था, जिसके बाद वह आखिरी मैच से भी बाहर रहे. अब उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें लिखे कैप्शन से साफ दिख रहा है कि वह टीम इंडिया की जर्सी पहनने के लिए कितने उत्सुक हैं. चोटिल होने के चलते ही ऋषभ पंत को एशिया कप के लिए चुनी गई भारतीय टीम में भी शामिल नहीं किया गया, जिसमें भारतीय टीम सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में खेलेगी.
चोटिल हो गए थे ऋषभ पंत
ऋषभ पंत जुलाई में मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट के दौरान चोटिल हो गए थे. 27 साल के इस खिलाड़ी को बैटिंग करते हुए यह चोट लगी. क्रिस वोक्स की गेंद पर वह रिवर्स स्वीप मारने की कोशिश में चोटिल हो गए. गेंद उनके बल्ले से टकराकर उनके दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद वह काफी दर्द में दिखे. बाद में मेडिकल स्कैन में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई, जिसके कारण उन्हें सीरीज के आखिरी टेस्ट से बाहर कर दिया गया. हालांकि, पंत चोटिल होने के बावजूद मुकाबले में बैटिंग के लिए उतरे थे और अर्धशतक पूरा किया था.
ये भी पढ़ें: अचानक आई बुरी खबर… 3 हफ्ते के लिए एक्शन से दूर रहेगा भारत का ये खूंखार बल्लेबाज, 26 साल का खिलाड़ी लेगा टीम में जगह!
मैदान में उतरने को बेताब
ऋषभ पंत ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अपने पट्टी लगे पैर की फोटो पोस्ट की. इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘इसमें कितने दिन लगेंगे?’ उनके पोस्ट से साफ झलक रहा है कि वह जल्द से जल्द फिट होकर टीम इंडिया की जर्सी में फिर से धमाल मचाने के लिए उतावले हैं. इससे पहले भी उन्होंने एक इंस्टाग्राम पोस्ट किया था, जिसमें फ्रैक्चर वाले पैर की फोटो शेयर करते हुए लिखा, ‘मैं इससे बहुत नफरत करता हूं.’
— Johns. (@CricCrazyJohns) August 31, 2025
मैदान पर कब लौटेंगे पंत?
पंत 9 सितंबर से यूएई में शुरू होने वाले एशिया कप 2025 में नहीं खेल पाएंगे, जहां भारत को ग्रुप चरण में ओमान, यूएई और पाकिस्तान से भिड़ना है. 2 अक्टूबर से शुरू होने वाली वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में भी उनके खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है. डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि सर्जरी की आवश्यकता नहीं है, लेकिन आने वाले हफ्तों में उनकी रिकवरी और मैच फिटनेस का आकलन जारी रहेगा, क्योंकि आने वाले महीनों में भारत का शेड्यूल काफी बीजी रहने वाला है. फिलहाल, सिर्फ पंत को ही नहीं, फैंस को भी उनकी मैदान पर वापसी का इंतजार है.