सीधी जिले के सिहावल जनपद पंचायत क्षेत्र में किसानों ने खाद की कमी के विरोध में सोमवार शाम अमिलिया खाद गोदाम के सामने मुख्य मार्ग जाम कर दिया। हजारों की संख्या में किसान और महिलाएं सड़क पर जमा हुए।
.
इसी दौरान जिला मुख्यालय जा रहे तहसीलदार सिहावल परम सुख बंसल की गाड़ी को प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया। तहसीलदार करीब एक घंटे तक अपनी गाड़ी में फंसे रहे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
सूचना मिलते ही अमिलिया थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने किसानों से बातचीत कर जाम खुलवाया और तहसीलदार को सुरक्षित निकाला। यह घटना सोमवार शाम करीब 5 बजे की है। घटना का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

तहसीलदार परम सुख बंसल ने बताया कि किसानों से बातचीत कर समझाइश दी गई। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई और किसान समिति से खाद लेने चले गए। वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की गई है। जल्द ही किसानों को उचित मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाएगी।
