जबलपुर में मना पैगंबर मोहम्मद साहब का जन्मदिन: भव्य जुलूस भी निकला, अमन-चैन की दुआएं मांगी – Jabalpur News

जबलपुर में मना पैगंबर मोहम्मद साहब का जन्मदिन:  भव्य जुलूस भी निकला, अमन-चैन की दुआएं मांगी – Jabalpur News


पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का जन्मदिन, ईद मिलाद-उन-नबी, जबलपुर में बेहद श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। यह पर्व शहर की गंगा-जमुना तहजीब को दर्शाता है, जहां गणेशोत्सव और मिलाद-उन-नबी जैसे त्योहार एक साथ मनाए गए और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की गई।

.

शुक्रवार को ओमती क्षेत्र के मोहम्मदी गेट से एक भव्य जुलूस शुरू हुआ। सुबह से ही इसकी तैयारियाँ चल रही थीं और जगह-जगह मंच लगाकर जुलूस का स्वागत किया गया। शहर के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में मुस्लिम भाई इस जुलूस में शामिल हुए, जो छोटे-छोटे समूहों में आकर जुलूस का हिस्सा बनते गए।

यह जुलूस शहर के प्रमुख चौराहों से होते हुए अंजुमन इस्लामिया स्कूल मैदान पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। इस दौरान मगरिब की नमाज़ अदा करके सभी श्रद्धालुओं ने देश में अमन-चैन और शांति की दुआएं मांगी।

इस अवसर पर, मुफ्ती-ए-आजम मध्य प्रदेश मुजाहिद राज ने सभी को सद्भाव और भाईचारे के साथ रहने का संदेश दिया। विधायक लखन गंगोरिया भी इस खुशी के मौके पर जुलूस में शामिल हुए।

डॉ. मुजाहिद अहमद सिद्दीकी (मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश) ने बताया कि यह जुलूस हर साल की तरह इस बार भी नए मोहल्ले से निकला और अंजुमन इस्लामिया स्कूल मैदान में समाप्त हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि इस साल पैगंबर मोहम्मद साहब की आमद को 1500 साल पूरे हुए हैं, और इस मौके पर बड़ी तादाद में लोगों ने हिस्सा लिया।



Source link