9 सितंबर से क्रिकेट फैंस एशिया कप के रोमांच में डूबे नजर आएंगे. डिफेंडिंग चैंपियन भारत की पहली टक्कर यूएई से 10 सितंबर को है. सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली इस टीम की नजरें अपने खिताब को बचाने और 9वीं बार ट्रॉफी उठाने पर होंगी. 28 सितंबर को एशिया कप का फाइनल तो होना ही है, साथ ही भारतीय क्रिकेट के लिए भी यह दिन खास रहने वाला है. दरअसल, BCCI इस दिन कुछ बड़े ऐलान करने वाला है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की सालाना बैठक 28 सितंबर को मुंबई स्थित मुख्यालय में होगी, जिसमें कुछ बड़े फैसलों पर मुहर लगेगी.
एशिया कप फाइनल के दिन BCCI करेगा ये ऐलान
दरअसल, एशिया कप फाइनल के दिन BCCI के नए अध्यक्ष का ऐलान होना है. बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया है कि 28 सितंबर को मुंबई स्थित मुख्यालय में होने वाली बैठक का एक एजेंडा चुनाव भी है. बता दें कि बीसीसीआई 5 पदों – अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष के लिए चुनाव कराने वाला है. सैकिया ने कहा, ‘बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक (AGM) इस महीने की 28 तारीख को है. यह मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में सुबह 11:30 बजे होगी. चुनाव इस बैठक के एजेंडे में से एक है.’
ये भी पढ़ें: हॉकी एशिया कप के फाइनल में भारत, चीन को 7-0 से कुचलकर मारी एंट्री, इस टीम से खिताबी जंग
रोजर बिन्नी ने दिया इस्तीफा
रोजर बिन्नी ने 19 जुलाई को 70 साल के होने की वजह से बीसीसीआई अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था. बीसीसीआई के नियम के मुताबिक 70 साल से अधिक का व्यक्ति किसी शीर्ष पद पर नहीं रह सकता है. बिन्नी के इस्तीफे के बाद राजीव शुक्ला बीसीसीआई के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाल रहे हैं. शुक्ला 2020 के अंत से बीसीसीआई के उपाध्यक्ष हैं और वर्तमान में सबसे वरिष्ठ पदाधिकारी भी हैं. बोर्ड के सचिव के रूप में देवजीत सैकिया, संयुक्त सचिव के रूप में रोहन गौंस देसाई और कोषाध्यक्ष के रूप में रूप में प्रभतेज भाटिया को इस साल की शुरुआत में चुना गया था.
कौन होगा BCCI का नया अध्यक्ष?
अध्यक्ष पद के लिए अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है. हालांकि, एक पूर्व खिलाड़ी और एक क्रिकेट प्रशासक, दोनों के नाम पर विचार चल रहा है. इस बीच वर्तमान उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को एक प्रमुख दावेदार माना जा रहा है. सूत्रों के अनुसार, तीन परिदृश्यों पर चर्चा हो रही है. राजीव शुक्ल उपाध्यक्ष पद पर बने रह सकते हैं, बीसीसीआई अध्यक्ष पद पर प्रमोट हो सकते हैं या आईपीएल अध्यक्ष पद पर काबिज हो सकते ऐन. हालांकि सबसे ज्यादा संभावना उनके वर्तमान पद पर बने रहने की है, लेकिन उनके अध्यक्ष बनने की संभावना 60-40 है.
ये भी पढ़ें: 80 रन पर ढेर… ऐसे एशिया कप जीतेगी ये चैंपियन टीम? जिम्बाब्वे के सामने ही खुल गई बल्लेबाजों की पोल
नए IPL चेयरमैन चुने जाने की भी संभावना
बीसीसीआई के संविधान के अनुसार, बोर्ड की वार्षिक आम बैठक (AGM) हर साल 30 सितंबर तक अध्यक्ष द्वारा तय समय और स्थान पर होनी चाहिए, जबकि चुनाव और नामांकन हर तीन साल में एक बार होने चाहिए.
5 पदाधिकारियों के चुनाव के अलावा, एक नए आईपीएल अध्यक्ष के चुनाव की भी संभावना है. मौजूदा आईपीएल अध्यक्ष अरुण धूमल ने बोर्ड में कुल 6 साल पूरे कर लिए हैं. बीसीसीआई के संविधान के अनुसार उन्हें कूलिंग-ऑफ पीरियड पर जाना होगा.