AFG vs HK: एशिया कप 2025 का आगाज रोमांचक अंदाज में हुआ. अफगानिस्तान और हांगकांग के बीच एशिया कप के पहले ही मैच में रोमांच का ट्रिपल डोज देखने को मिला. इस मुकाबले में पहली बार एशिया कप खेलने उतरे 24 साल के बल्लेबाज ने तबाही मचाकर सभी का ध्यान खींचा. हांगकांग के लिए ये बल्लेबाज गाज बनकर टूटा. अफगानिस्तान की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और इस बल्लेबाज ने टीम की लाज बचाई.
अफगानिस्तान की खराब शुरुआत
अफगानिस्तान की टीम के कप्तान राशिद खान ने हांगकांग के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम ने अपने दो विकेट 30 रन से पहले ही खो दिए, लेकिन दूसरे छोर पर सादिकुल्लाह अटल ने खूंटा गाड़ लिया. अटल को मोहम्मद नबी का साथ मिला जिन्होंने 26 गेंद में 33 रन की पारी खेली. इसके बाद बैटिंग करने उतरे अजमतुल्लाह उमरजई ने भी तूफानी अंदाज में बैटिंग करके टीम के स्कोर को बूस्ट कर दिया.
अटल की धांसू फिफ्टी
अटल ने नाबाद 52 गेंद में 73 रन की पारी खेली. इस पारी में 6 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के देखने को मिले. वहीं, बात करें उमरजई की तो उन्होंने महज 21 गेंद में 5 छक्के और 2 चौकों की मदद से 53 रन की पारी को अंजाम दिया. इन शानदार पारियों की बदौलत अफगानिस्तान की टीम ने स्कोरबोर्ड पर 188 रन टांग दिए. अब हांगकांग को जीत के लिए 189 रन की दरकार होगी.
ये भी पढे़ं.. 2 घंटे सफर, प्रैक्टिस और फिर मैच… राशिद खान Asia Cup में कचोट रही ये बात, डंके की चोट पर उठाए सवाल
धमाकेदार फॉर्म में अटल
24 साल के अटल ने साल 2023 में अफगानिस्तान के लिए डेब्यू किया था. अटल अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने हाल ही में ट्राई सीरीज में 23, 54, 64 और 13 रन की शानदार पारियां खेली. अटल एशिया कप में अफगानिस्तान की रीढ़ साबित हो सकते हैं. अफगानिस्तान का अगला मुकाबला 16 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ होगा. देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले मैचों में अटल कैसा प्रदर्शन करते हैं.