श्रीमद्भागवत कथा से पहले 71 महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा: राठौड़ समाज की महिलाओं ने जगह-जगह गरबा-रास की प्रस्तुति दी – alirajpur News

श्रीमद्भागवत कथा से पहले 71 महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा:  राठौड़ समाज की महिलाओं ने जगह-जगह गरबा-रास की प्रस्तुति दी – alirajpur News


आलीराजपुर में बुधवार को राठौड़ समाज ने श्रीमद्भागवत कथा से पहले कलश यात्रा निकाली, जिसने पूरे नगर को भक्तिमय कर दिया। इस शोभायात्रा में 71 महिलाओं और बालिकाओं ने सिर पर कलश धारण कर अपनी आस्था का प्रदर्शन किया।

.

यह यात्रा रामदेव मंदिर, बहारपुरा से शुरू हुई और शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए कथा स्थल राठौड़ समाज भवन पर जाकर समाप्त हुई। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु पूरे जोश में थे। महिलाओं ने जगह-जगह गरबा-रास की प्रस्तुति दी, जिससे वातावरण पूरी तरह से धार्मिक रंगों में रंग गया।

पितृ पक्ष में हो रहा है आयोजन

समिति संयोजक कांतिलाल राठौड़ ने बताया कि यह कथा पितृ पक्ष पर पितरों की आत्मा की शांति के लिए की जा रही है। सात दिन तक चलने वाली संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ बुधवार शाम को हुआ और यह 16 सितंबर तक चलेगी। कथा का वाचन प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक होगा।

प्रसिद्ध भागवताचार्य पं. शिवगुरु शर्मा अपनी मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण लीलाओं का अमृतपान कराएंगे। कथावाचक को विशेष रूप से सजी हुई बग्गी पर विराजमान किया गया था, जिनका नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

आयोजकों ने इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क तर्पण की व्यवस्था भी की है, ताकि वे अपने पितरों के लिए पुण्य अर्जित कर सकें। इस कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।



Source link