रीवा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी की प्रतिमा स्थापना को लेकर रीवा में विवाद गहरा गया है। नगर निगम द्वारा पीटीएस चौराहे पर प्रतिमा लगाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन पुलिस प्रशासन ने निर्माण पर रोक
.
नगर निगम और पुलिस विभाग भूमि के स्वामित्व को लेकर आमने-सामने हैं। वहीं, महापौर अजय मिश्रा ने चेतावनी दी है कि अगर 17 सितंबर तक प्रतिमा नहीं लगाई गई तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे।
नगर निगम का दावा- परिषद से प्रस्ताव पास, भूमि नगर निगम की
महापौर अजय मिश्रा बाबा ने कहा कि नगर निगम परिषद ने महाराजा मार्तंड सिंह और पंडित श्रीनिवास तिवारी की प्रतिमाएं लगाने का प्रस्ताव पारित किया था। दोनों प्रतिमाओं के लिए स्थान भी चिह्नित किया गया था।
पीटीएस चौराहे पर विगत तीन दिनों से प्रतिमा स्थापना का ढांचा तैयार किया जा रहा था, लेकिन जैसे ही ढांचा बनकर तैयार हुआ, पुलिस ने आगे का काम रुकवा दिया और वहां बल तैनात कर दिया।
महापौर का कहना है कि यह भूमि मध्यप्रदेश शासन की है, और नगर निगम के उपयोग में आती है। ऐसे में पुलिस की आपत्ति अवांछित और राजनीति से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि श्रीनिवास तिवारी ने विंध्य क्षेत्र के गरीबों, किसानों और श्रमिकों के हक की लड़ाई लड़ी थी, ऐसे जननेता की प्रतिमा पर रोक लगाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
पुलिस का पक्ष: भूमि पुलिस विभाग की, निर्माण अवैध
वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि विवादित स्थल पुलिस विभाग की अधिगृहीत भूमि है, जिस पर बिना अनुमति कोई भी निर्माण कार्य नहीं किया जा सकता। इसीलिए ढांचा तैयार होते ही कार्य रुकवा दिया गया और प्रतिमा स्थापना पर रोक लगाई गई।

कलेक्टर बोले- बैठक से निकलेगा हल
पूरे विवाद पर प्रभारी कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने कहा कि यह मामला डिपार्टमेंटल को-ऑर्डिनेशन से जुड़ा हुआ है। भूमि के स्वामित्व और उपयोग को लेकर कुछ भ्रम है, जिसे सभी संबंधित विभागों के साथ बैठक कर सुलझाया जाएगा। कलेक्टर ने यह भी संकेत दिए कि सहमति के साथ समाधान तलाशने की कोशिश की जाएगी।

कांग्रेस ने दी चेतावनी- 17 सितंबर तक नहीं लगी प्रतिमा तो होगा आंदोलन
महापौर अजय मिश्रा बाबा ने साफ कहा कि यदि 17 सितंबर तक श्रीनिवास तिवारी की प्रतिमा नहीं लगाई गई, तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे। उन्होंने प्रशासन को चेताया कि यह जनता की भावनाओं से जुड़ा विषय है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।