विजयपुर वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने वन भूमि पर अवैध जुताई करते पकड़े गए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
.
12 सितंबर की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि बीट धोवनी के कक्ष क्रमांक पी-781 में ट्रैक्टर से जुताई हो रही है। विजयपुर पूर्व वनपरिक्षेत्र अधिकारी जाहर सिंह गौड़ और विजयपुर पश्चिम के वनपरिक्षेत्र अधिकारी पवन कुमार जगनेरी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची।
बीटगार्ड महेश कुमार ने ट्रैक्टर चालक की पहचान नेहरखेड़ा निवासी मंगल पुत्र नरेश धाकड़ के रूप में की। वन विभाग की टीम के पकड़ने का प्रयास करने पर चालक ट्रैक्टर लेकर ग्राम राजगढ़ की ओर भाग निकला। पीछा करने पर उसने ट्रैक्टर एक बाड़े में छोड़ दिया।
आरोपी ने भागते समय ट्रैक्टर का कल्टीवेटर छिपा दिया। उसने चारों टायरों की हवा निकाल दी और बैटरी भी अपने साथ ले गया। वन अमले ने ट्रैक्टर को सुरक्षित जब्त कर विजयपुर ले आए।
वन विभाग ने इस मामले में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 371/07 दर्ज किया है। यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी श्योपुर के निर्देशन में की गई। उपवनमंडलाधिकारी विजयपुर और कराहल का भी मार्गदर्शन रहा।