भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे वनडे सीरीज के दूसरे मैच में स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक ठोक दिया है. उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए अपने शानदार फॉर्म को जारी रखा और महज 77 गेंदों में शतक ठोक कई रिकॉर्ड बना दिए. मंधाना 91 गेंदों में 117 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और 4 छक्के शामिल थे. यह उनके करियर का 12 वां शतक रहा और कंगारुओं के खिलाफ तीसरा. अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने कई कीर्तिमान स्थापित किए. आइए नजर डालते हैं उनके द्वारा बनाए गए आंकड़ों पर…
दूसरा सबसे तेज शतक
मंधाना ने अपनी शानदार पारी के दौरान वनडे क्रिकेट इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक जड़ दिया. इससे पहले वो महिला वनडे क्रिकेट में सबसे तेज शतक जड़ चुकी हैं. राजकोट में आयरलैंड के खिलाफ खेले गए मैच में मंधाना ने महज 70 गेंदों में शानदार शतकीय पारी खेली थी. हरमनप्रीत इस मामले में तीसरे स्थान पर हैं उन्होंने 82 गेंदों में इंग्लैंड के खिलाफ साल 2025 में शतक जड़ा था.
ऐसा करने वाली पहली महिला एशियन खिलाड़ी
स्मृति मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज के दौरान एक और कीर्तिमान स्थापित किया है. वो एशिया की तरफ से पहली 15000 रन बनाने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं.
ये भी पढें: हारकर भी जीत गए राशिद खान, इस महान भारतीय गेंदबाज का रिकॉर्ड तोड़ रचा इतिहास
मंधाना का धमाकेदार वनडे करियर
मंधाना ने अपने वनडे करियर में खेले 107 मैचों की 107 पारियों के दौरान 47.89 की धमाकेदार औसत से 4763 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 12 शतक और 32 अर्धशतक जड़े हैं. उनके करियर का सर्वोच्च स्कोर 135 रनों का रहा है. खास बात ये है कि मंधाना भारत की पूर्व महिला खिलाड़ी मिताली राज के बाद वनडे में दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली क्रिकेटर हैं. मिताली ने अपने वनडे करियर में 7804 रन बनाए हैं.