प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर बैतूल जिला अस्पताल में नवजात बेटियों और उनकी माताओं को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन ताप्ती आनंद क्लब और मां शारदा सहायता समिति द्वारा मिलकर किया गया।
.
11 नवजात बेटियों को चांदी के लॉकेट
आयोजन में हाल ही में जन्मी 11 बेटियों को चांदी के दुर्गा लॉकेट पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनकी माताओं का बुके और चुन्नी उड़ाकर स्वागत किया गया। इस पहल का उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे अभियानों को समर्थन देना था।
बेटी बचाओ अभियान से मिली प्रेरणा
कार्यक्रम के प्रमुख शैलेन्द्र बिहारिया ने बताया कि यह आयोजन प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2015 में शुरू किए गए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान से प्रेरित था। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में बेटियों के प्रति नजरिया बदलेगा और लोग बेटियों को समान अधिकार और सम्मान देना सीखेंगे।

माताओं ने जताई खुशी
सम्मान प्राप्त करने वाली माताओं ने आयोजन पर खुशी जताई। उनका कहना था कि बेटी के जन्म पर जो सम्मान मिला, वह उनके लिए बहुत खास है। चांदी का लॉकेट और समाज से मिला सम्मान उनके जीवन का यादगार पल बन गया।
कार्यक्रम में जिला संयोजक संजय शुक्ला, समिति अध्यक्ष पिंकी भाटिया, कार्यकारी अध्यक्ष हिमांशु सोनी, महिला अध्यक्ष हेमासिंह चौहान, कार्यक्रम प्रमुख निमिष मालवीय और दीप मालवीय, डॉ. सागर बिंझाड़े, प्रकाश बंजारे, मनोज तिवारी, सुनील पाल और संतोष ओंकार सहित कई लोग मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे आयोजन आगे भी खास अवसरों पर किए जाते रहेंगे, ताकि समाज में बेटियों को लेकर जागरूकता और सम्मान की भावना बनी रहे।