दतिया शहर में पुरानी जेल के पीछे रहने वाले रामस्वरूप रजक के घर पर गुरुवार को उनके ही दो भतीजों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। घटना की सूचना पर पहुंची डायल 112 ओर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया था।
.
मामले में कोतवाली पुलिस ने देर रात भतीजों पर मामला दर्ज कर जांच में लिया है। इस हादसे में घर के अंदर रखा टीवी, पलंग, अलमारी, कपड़े और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
पीड़ित रामस्वरूप रजक ने बताया कि वह अपनी पत्नी सरोज और बेटी के साथ किसी काम से बाजार गए थे। दोपहर करीब दो बजे जब वे लौटकर घर पहुंचे तो देखा कि उनके पड़ोस में रहने वाला भतीजा प्रेम उर्फ पिकू रजक हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर आया और उनके घर की खिड़कियों व पर्दों पर पेट्रोल डाल दिया। इसके बाद दूसरा भतीजा छोटू उर्फ राजकुमार रजक माचिस जलाकर घर में आग लगा गया और दोनों मौके से भाग निकले।
आग लगते ही मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। रामस्वरूप ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर का काफी सामान जलकर खाक हो गया। टीआई धीरेन्द्र मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।