कांग्रेस का कहना है सांवेर की जनता तुलसी सिलावट से अपने मत के अपमान का बदला लेगी.
मालवा से कांग्रेस (Congress) का प्रचार अभियान शुरू हो रहा है. कमलनाथ की 11 और 13 को सभा है. उसके बाद 19 सितंबर को ज्योतिरादित्य सिंधिया बीजेपी (BJP) की सभा करेंगे.
कमलनाथ 13 सितंबर को सांवेर दौरे पर आ रहे हैं. इसके लिए भारी भीड़ जुटाने की तैयारी की जा रही है. इससे ठीक एक दिन पहले 12 सितंबर को वो 11 बजे आगर मालवा के बड़ोद में चुनावी सभा करेंगे.यहीं से चुनाव अभियान की वो शुरुआत भी करेंगे. उसके अगले दिन 13 सितंबर रविवार को 11.30 बजे सांवेर विधानसभा क्षेत्र के अर्जुन बरोदा में जनसभा को संबोधित करेंगे.
बीजेपी का वार 15 महिने का हिसाब लेकर आएं कमलनाथ
एमपी में उपचुनाव के सियासी घमासान के लिए बीजेपी और कांग्रेस ने पूरी तरह से कमर कस ली है.अब प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सांवेर का दौरा करने के लिए आ रहे हैं. वो 13 सितंबर को सांवेर में जनता को संबोधित करेंगे साथ ही स्थानीय नेताओं से भी मुलाकात करेंगे. पूर्व सीएम कमलनाथ के दौरे को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. भारी भीड़ जुटाने का प्लान है. हालांकि बीजेपी कमलनाथ के दौरे को लेकर तंज कस रही है. बीजेपी के जिलाध्यक्ष और सांवेर से विधायक रहे राजेश सोनकर का कहना है मुख्यमंत्री रहते कमलनाथ को कभी सांवेर की याद नहीं आयी. अब मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटने के बाद उन्हें सांवेर की याद आ रही है. सांवेर की जनता उनसे 15 महिने के उनके कार्यकाल का हिसाब लेने के लिए बेताब दिख रही है. जिस तरह उन्होंने किसानों,बेरोजगारों और मजदूरों से वादा खिलाफी की है उसका हिसाब लेकर आएं.
सांवेर की जनता देगी जवाब – कांग्रेस
कांग्रेस बीजेपी के आरोपों को नकार रही है. कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नीलाभ शुक्ला का कहना है कि जिस तरह सांवेर की जनता के मत का अपमान हुआ, उससे यहां की जनता अपने आपको ठगा सा महसूस कर रही है. उसका बदला जनता इस उपचुनाव में लेगी जहां तक कमलनाथ के मुख्यमंत्री रहते हुए सांवेर दौरे का सवाल है उन्होंने अपने प्रतिनिधि के रूप में सांवेर के विधायक तुलसी सिलावट को मंत्री बनाकर जनता की सेवा का काम दिया था. लेकिन तुलसी सिलावट ने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई है और दल बदलकर जनता के साथ धोखा किया,उनके मत का दुरूपयोग कर चुनी हुई सरकार गिराई गई.जनता ये भूली नहीं है. कमलनाथ के दौरे के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान और पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी 19 सितंबर को सांवेर आएंगे जहां वे 24 करोड़ की नर्मदा सिंचाई योजना का शिलान्यास करेंगे.