Asia Cup 2025: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में पहली बार टीम इंडिया पर एक बहुत बड़ा कलंक लग गया है. बांग्लादेश के खिलाफ बुधवार को खेले गए एशिया कप 2025 के SUPER-4 मैच में टीम इंडिया के नाम एक बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड जुड़ गया है. भारत के फील्डर्स ने इस मैच में बांग्लादेश के ओपनिंग बल्लेबाज सैफ हसन के 4 कैच छोड़ दिए. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है, जब टीम इंडिया ने किसी एक ही बल्लेबाज के 4 कैच टपका दिए. सैफ हसन ने भारत के खिलाफ इस मैच में 51 गेंदों पर 69 रन बनाए. सैफ हसन ने अपनी इस पारी में 3 चौके और 5 छक्के उड़ाए.
भारत ने T20I इतिहास में पहली बार बनाया ये शर्मनाक रिकॉर्ड
टीम इंडिया ने दुबई में बांग्लादेश के ओपनिंग बल्लेबाज सैफ हसन के 4 कैच छोड़ दिए, जो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में उनका सबसे शर्मनाक प्रदर्शन है. सबसे पहले अक्षर पटेल ने बांग्लादेश की पारी के 12वें ओवर में गेंदबाजी करते हुए अपनी दूसरी ही गेंद पर सैफ हसन का पहला कैच छोड़ दिया. इसके बाद 16वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती की पहली ही गेंद पर शिवम दुबे ने बाउंड्री लाइन के पास सैफ हसन का दूसरा कैच छोड़ दिया. 16वें ओवर में ही वरुण चक्रवर्ती की चौथी गेंद पर विकेटकीपर संजू सैमसन ने सैफ हसन का तीसरा कैच छोड़ दिया. हद तो तब हो गई जब 17वें ओवर में कुलदीप यादव की पांचवीं गेंद पर अभिषेक शर्मा ने भी सैफ हसन का चौथा कैच छोड़ दिया.
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में चौथी बार हुआ ये अजूबा
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यह चौथा मौका है, जब एक ही बल्लेबाज के चार बार कैच छूटे हैं. सबसे पहले श्रीलंका की टीम ने साल 2018 में कोलंबो में खेले गए एक टी20 इंटरनेशनल मैच में इंग्लैंड के बल्लेबाज जेसन रॉय के 4 कैच छोड़ दिए थे. इसके बाद न्यूजीलैंड की टीम ने साल 2020 में हैमिल्टन में खेले गए एक टी20 इंटरनेशनल मैच में पाकिस्तान के बल्लेबाज मोहम्मद हाफिज के 4 कैच छोड़ दिए थे. एशिया कप 2025 के दौरान हांगकांग की टीम ने दुबई में खेले गए मैच में श्रीलंका के बल्लेबाज पथुम निसांका के 4 कैच टपका दिए थे. और अब एशिया कप 2025 में ही 24 सितंबर 2025 को टीम इंडिया ने दुबई में बांग्लादेश के ओपनिंग बल्लेबाज सैफ हसन के 4 कैच छोड़ दिए.
एक T20I मैच में एक बल्लेबाज के चार कैच कब-कब छूटे
1. जेसन रॉय – विरुद्ध श्रीलंका (साल 2018)
2. मोहम्मद हफीज – विरुद्ध न्यूजीलैंड (साल 2020)
3. पथुम निसांका – विरुद्ध हांगकांग (साल 2025)
4. सैफ हसन – विरुद्ध भारत (साल 2025)