पन्ना के श्री 5 पद्मावतीपुरी धाम में अंतरराष्ट्रीय शरद पूर्णिमा उत्सव 2 से 11 अक्टूबर तक होगा। यह दस दिवसीय उत्सव पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाएगा। इसमें भारत के अलावा ब्रिटेन, कनाडा, अमेरिका और नेपाल सहित विश्व के कई देशों से हजारों श्रद्धाल
.
यह जानकारी रविवार शाम करीब 6 बजे श्री प्राणनाथ धर्मशाला में श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट ने एक प्रेस वार्ता में दी गई। इसमें बताया गया कि यह दस दिवसीय महोत्सव 2 अक्टूबर, विजयादशमी (दशहरा) के दिन से शुरू होकर 11 अक्टूबर, पंचमी तक चलेगा।
- 2 अक्टूबर (दशहरा): महोत्सव का शुभारंभ श्री खेजड़ा मंदिर में मंचीय कार्यक्रम के साथ होगा। परंपरा अनुसार, महाराजा श्री छत्रसाल जू देव के वंशज पन्ना नरेश छत्रसाल द्वितीय को पान वीरा और तलवार भेंट की जाएगी।
- 4 अक्टूबर: श्रीजी की शोभायात्रा (सवारी) श्री खेजड़ा मंदिर से सायं 5 बजे प्रारंभ होकर रात्रि 12 बजे श्री प्राणनाथ जी मंदिर पहुंचेगी।
- 5 अक्टूबर (सद्गुरु प्रगटन): निजानंद सद्गुरु धनी श्री देवचन्द्र जी का प्राकट्य उत्सव मनाया जाएगा।
- उत्सव का मुख्य आकर्षण 6 अक्टूबर, शरद पूर्णिमा की रात में होगा।
- इस रात 12 बजे श्रीजी की शोभायात्रा श्री बंगलाजी से निकलकर श्री रास मंडल जी में पधराई जाएगी।
- हजारों सुंदरसाथ नाचते-गाते और गरबा खेलते हुए राज जी की सवारी को रास मंडल में लेकर आएंगे।
- मान्यता है कि यहां रास मंडल में श्रीजी अपनी सखी सुंदरसाथ के साथ पांच दिनों तक रास रमण करते हैं, जिसे 5 दिन-रात की महारास लीला कहा जाता है।
- 11 अक्टूबर को श्रीजी की शोभायात्रा रास-मंडल से निकलकर पुनः सुबह 9 बजे श्री बंगला जी में सुशोभित होगी।
400 साल से अधिक पुरानी परंपरा
प्रणामी धर्मावलंबियों का यह रास उत्सव 400 साल से भी अधिक पुराना है। बताया जाता है कि संवत् 1740 में महामति प्राणनाथ ने 5 हजार सुंदरसाथ के साथ पूनम की चांदनी रात में अखंड रास के दर्शन कराए थे। उसी वर्ष विजयादशमी के दिन उन्होंने महाराजा छत्रसाल को खेजड़ा मंदिर परिसर में वरदानी तलवार सौंपी थी और उन्हें पूरे बुंदेलखंड पर विजय प्राप्त करने का संकल्प कराया था।
पूरे दस दिन चलेंगे विविध कार्यक्रम
महोत्सव के दौरान ब्रह्म चबूतरे पर प्रवचन, वाणी गायन, भजन, रामत, गरबा और रास सहित विभिन्न धार्मिक और आत्म-प्रेरक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सुंदरसाथ प्रतिदिन ध्यान, श्री परमधाम चितवनी और विराट दर्शन में शामिल होंगे।