भारत के करोड़ों फैंस के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आई है. ऋषभ पंत क्रिकेट के मैदान पर एक बार फिर उतरने वाले हैं. भारत के पसंदीदा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत 2025-26 रणजी ट्रॉफी सीजन में दिल्ली के लिए खेलेंगे. एक रिपोर्ट के अनुसार ऋषभ पंत को दिल्ली के रणजी ट्रॉफी स्क्वाड में शामिल किया गया है. ऋषभ पंत अपनी फिटनेस साबित करने के लिए हिमाचल प्रदेश के खिलाफ 25 अक्टूबर से शुरू होने वाले रणजी ट्रॉफी 2025-26 के एलीट ग्रुप डी मैच में दिल्ली के लिए खेलेंगे.
टीम इंडिया के लिए खुशखबरी
भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 14 नवंबर से 26 नवंबर तक दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी हैं. ऋषभ पंत साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस अहम टेस्ट सीरीज में वापसी कर सकते हैं. भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट मैच कोलकाता और दूसरा टेस्ट मैच गुवाहाटी में खेला जाएगा. ऐसी खबरें हैं कि ऋषभ पंत हिमाचल प्रदेश के खिलाफ दिल्ली टीम की कप्तानी करेंगे. बता दें कि ऋषभ पंत को इस साल जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर मैनचेस्टर टेस्ट के दौरान पैर में फ्रैक्चर हो गया था. दरअसल, इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट के पहले दिन ऋषभ पंत को रिवर्स स्वीप शॉट खेलते समय क्रिस वोक्स की गेंद पैर में जा लगी. इसके बाद ऋषभ पंत को पैर में फ्रैक्चर हो गया. ऋषभ पंत तब से क्रिकेट के मैदान से दूर हैं.
क्रिकेट के मैदान पर उतरेंगे ऋषभ पंत
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) ने गुरुवार को पहले दो रणजी ट्रॉफी मैचों के लिए दिल्ली की 25 सदस्यीय टीम का चयन किया और इसमें नीतीश राणा को भी शामिल किया. जुलाई 2021 में श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया के लिए एक वनडे और दो T20I मैच खेलने वाले नीतीश राणा पिछले दो सीजन उत्तर प्रदेश के लिए खेलने के बाद दिल्ली वापस आ गए हैं.
ऋषभ पंत को कप्तान बनाया जाएगा
लखनऊ सुपर जायंट्स के बल्लेबाज आयुष बदोनी नेक्सजेन क्रिकेट ग्राउंड पर हैदराबाद के खिलाफ पहले रणजी मैच में दिल्ली की कप्तानी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन अगर ऋषभ पंत चयन के लिए उपलब्ध रहते हैं, तो दूसरे मैच में आयुष बदोनी की जगह ऋषभ पंत को कप्तान बनाया जाएगा. दिल्ली की टीम में नीतीश राणा का चयन आश्चर्यजनक है, क्योंकि उत्तर प्रदेश जाने से पहले दिल्ली के चयनकर्ताओं ने उन्हें लाल गेंद वाले क्रिकेट के लिए नहीं चुना था, और उत्तर प्रदेश में भी उन्हें प्रमुख घरेलू प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने में संघर्ष करना पड़ा.