शाजापुर में भारतीय किसान संघ ने शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इसके बाद नायब तहसीलदार नाहिद अंजुम को कलेक्टर और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें किसानों की विभिन्न समस्याओं का उल्लेख किया गया।
.
ज्ञापन में बताया गया कि पायलट प्रोजेक्ट के तहत लागू नई खाद वितरण प्रणाली में तकनीकी दिक्कतों के कारण खाद नहीं मिल पा रही है, जिससे बुआई प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की कि वर्तमान में पुरानी पद्धति से ही खाद का वितरण किया जाए।
इसके अतिरिक्त, खरीफ फसल नुकसान के लिए राहत राशि, बीमा क्लेम और समर्थन मूल्य पर खरीदी की मांग की। किसानों का कहना है कि सोयाबीन की फसल पीला मोजेक और अल्प वर्षा के कारण खराब हुई है।
भारतीय किसान संघ ने मांग के नुकसान प्रतिशत के आधार पर किसानों को राहत दी जाए। साथ ही, सोयाबीन की समर्थन मूल्य पर खरीदी हो, बिना एमएसपी वाली फसलों को भावांतर योजना में शामिल किया जाए और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा क्लेम शीघ्र दिलाया जाए।
भारतीय किसान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो जिला और राज्य स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
