कटनी जिले की ढीमरखेड़ा पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 किलोग्राम अवैध गांजा और तस्करी में इस्तेमाल बाइक जब्त की है। रविवार शाम थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे ने यह जानकारी दी।
.
पुलिस को 11 अक्टूबर 2025 को अवैध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इस पर कार्रवाई करते हुए, ग्राम कटरा में बेलकुंड नदी घाट के ऊपर रोड के पास दो संदिग्धों को पकड़ा गया। आरोपियों में ध्रुप सिंह (35), पिता देव सिंह गोंड, और मुकेश (30), पिता वीरेन्द्र सिंह गोंड, दोनों निवासी ग्राम कटरा शामिल हैं।
संदिग्धों की तलाशी लेने पर उनके पास से एक प्लास्टिक की पॉलिथीन में कुल 2 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बजाज कंपनी की बाइक (क्रमांक एमपी 20 एमएस 8133) को भी जब्त कर लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट, 1985 की धारा 8/20 के तहत केस दर्ज किया गया है। आगे की जांच शुरू कर दी है।