मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को अपने गृह नगर उज्जैन के दौरे पर रहेंगे। वे यहां दीपावली मिलन समारोह सहित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री का आगमन दोपहर लगभग 1:30 बजे उज्जैन में प्रस्तावित है।
.
सीएम पहले निनोरा में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे वापस उज्जैन लौटकर आस्था गार्डन में आयोजित भाजपा के दीपावली मिलन समारोह में भाग लेंगे। शाम करीब 7:30 बजे मुख्यमंत्री महाकाल लोक में बने विशेष काउंटर से रागी से बने लड्डुओं की बिक्री की शुरुआत करेंगे। यह पहल महाकाल मंदिर समिति की ओर से की जा रही है। मंगलवार से श्रद्धालुओं के लिए रोजाना रागी के लड्डुओं की बिक्री प्रारंभ हो जाएगी।
लाइट एंड साउंड शो का करेंगे शुभारंभ
इसके साथ ही मुख्यमंत्री महाकाल लोक में म्यूजिकल फाउंटेन पर आधारित लाइट एंड साउंड शो का भी शुभारंभ करेंगे। यह शो भगवान शिव की गाथाओं पर आधारित 31 मिनट का भव्य प्रस्तुतीकरण होगा, जो महाकाल लोक के रूद्र सागर क्षेत्र में प्रतिदिन प्रदर्शित किया जाएगा।
महाकाल की पूजा-अर्चना करेंगे
शो का संचालन स्मार्ट सिटी उज्जैन और एमपी पर्यटन विकास निगम (MPT) की ओर से किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार शो का सटीक समय जल्द घोषित किया जाएगा। महाकाल मंदिर प्रशासन ने बताया कि मुख्यमंत्री महाकालेश्वर के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना भी करेंगे। दीपावली के अवसर पर महाकाल लोक और मंदिर परिसर को फूलों, दीपों और रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया है।