आगर-मालवा में दीपावली पर्व पर सोमवार को बाजार खरीदारों की भीड़ से गुलजार रहे। शहर के प्रमुख मार्गों पर सुबह से शाम तक रौनक बनी रही। इस दौरान फूल मंडी में गेंदा फूल 300 रुपए प्रति किलोग्राम बिका, जबकि अन्य फूलों के भाव में भी तेजी दर्ज की गई।
.
लोग अपने घरों को सजाने और पूजन सामग्री खरीदने के लिए बाजारों में पहुंचे। त्योहारी उत्साह के चलते कपड़ा, सराफा, बर्तन, मिठाई, सजावटी सामान और इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें देखी गईं।
खरीदारों की भारी भीड़ के कारण नगर के मुख्य बाजार मार्गों पर बार-बार यातायात जाम की स्थिति बनी। व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने जवान तैनात किए थे, हालांकि इसके बावजूद कई स्थानों पर लोगों को यातायात अव्यवस्था का सामना करना पड़ा।
दशहरा मैदान स्थित नए बस स्टैंड परिसर में लगाए गए पटाखा बाजार में भी दिनभर खरीदारी जारी रही। यहां 64 से अधिक दुकानों पर बच्चों और युवाओं की भीड़ उमड़ी। व्यापारियों ने इस बार पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर बिक्री होने की उम्मीद जताई है।